आंदोलन पकड़ रहा रंग, जिम्मेदार मौन
करंडा (गाजीपुर) : मानिकपुर कोटे गांव में गांगी नदी पर अधूरे पुल के निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन दि
करंडा (गाजीपुर) : मानिकपुर कोटे गांव में गांगी नदी पर अधूरे पुल के निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन दिनों दिन रंग पकड़ता जा रहा है। ताज्जुब की बात यह है कि इसके लिए जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला अभी मौन साधे हुए हैं। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ता जा रहा है। आंदोलनकारियों ने सोमवार को आठ दिसंबर तक पुल निर्माण शुरू नहीं होने पर नौ को चक्काजाम की चेतावनी दी।
जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अरुण सिंह ने कहा कि इस पुल निर्माण के मुद्दे को दैनिक जागरण अभियान के तौर पर 13 नवंबर से लगातार प्रकाशित कर रहा है। चार दिन से ग्रामीण भी अनशन पर हैं लेकिन अभी तक जनप्रतिनिधि यहां आना मुनासिब नहीं समझे। दर्जनों गांव की समस्या अब यह उग्र आंदोलन का रूप धारण करती जा रही है। उन्होंने तंज कसा कि यहां के विधायक एवं धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री विजय मिश्र ने विधानसभा चुनाव के समय पुल बनवाने का वादा किया था लेकिन जीतने के बाद वह भूल गए।
उन्होंने कहा कि नौ दिसंबर को चक्काजाम के अगले दिन जिला मुख्यालय पर सरजू पांडेय पार्क में धरना दिया जाएगा। मुहम्मद तफज्जुल अंसारी, शिवानंद पटेल आजम खां और अरविंद सिंह ने कहा कि उक्त पुल का निर्माण न होने से छात्र, बुजुर्ग, महिलाएं, युवा सबको परेशानी होती है। अनावश्यक दूरी तय करनी पड़ती है तो समय भी बर्बाद होता है। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों में उदयप्रताप सिंह, शिवकुमार सिंह, विजय कन्नौजिया, जोखन यादव, मुहम्मद कलाम अंसारी, अशोक दुबे आदि शामिल थे। अध्यक्षता सिसौड़ा के ग्राम प्रधान घनश्याम गोंड एंव संचालन शिवकुमार सिंह ने किया।