तमंचा सटाकर प्रधान को लूटा
करंडा (गाजीपुर) : स्थानीय थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की पोल खुल रही है। पुलिस चुप्पी साधे है
करंडा (गाजीपुर) : स्थानीय थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की पोल खुल रही है। पुलिस चुप्पी साधे है और बदमाश बेखौफ होकर घटना को अंजाम दे रहे हैं। रविवार की रात क्राइम ब्रांच का जवान बनकर व्यापारियों से हुई लूट की घटना लोग भूले भी नहीं थे कि सोमवार की रात सोनहरिया के ग्राम प्रधान अशोक यादव बदमाशों के शिकार बने। तमंचा सटाकर बदमाशों ने उनसे 20 हजार रुपये नगदी, सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया। प्रधान ने रात ही में पुलिस को सूचना दी लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आ सके। मंगलवार की सुबह उन्होंने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
अशोक यादव सैदपुर से मोटरसाइकिल से अपने साथी संग लौट रहे थे। वह गांव के समीप इंटर कालेज के पास पहुंचे ही थे कि दूसरी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने पास में पड़े रुपयों को निकालकर देने को कहा तो प्रधान ने इसका विरोध किया। दो बदमाशों ने उन्हें तमंचा सटाकर आतंकित कर दिया और तीसरे ने जेब में रखे रुपये, मोबाइल और गले से सोने की चेन निकाल ली। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो क्षेत्र के लोग दहशतजदा हो गए। उधर ग्राम प्रधान के साथ हुई लूट की घटना से प्रधानों में आक्रोश है। उन्होंने इस घटना के पीछे पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। चेतावनी दी कि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो प्रधान संघ आंदोलन को बाध्य होगा।