Move to Jagran APP

घाटों पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, पहला अ‌र्घ्य आज

गाजीपुर : गंगा घाटों सहित अन्य नदियों व पोखरों पर बुधवार को आस्था का सैलाब उमड़ेगा। इसकी तैयारियां पू

By Edited By: Published: Tue, 28 Oct 2014 07:01 PM (IST)Updated: Tue, 28 Oct 2014 07:01 PM (IST)
घाटों पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, पहला अ‌र्घ्य आज

गाजीपुर : गंगा घाटों सहित अन्य नदियों व पोखरों पर बुधवार को आस्था का सैलाब उमड़ेगा। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। व्रती महिलाओं ने मंगलवार को पूरे दिन व्रत रहने के बाद रात को पूड़ी और खीर खाकर निर्जला व्रत की शुरूआत की गई। दूसरे दिन निराजल व्रत रहने के साथ महिलाएं डूबते सूर्य को पहला अ‌र्घ्य देंगी। डाला छठ पर्व की तैयारियों को लेकर बाजार में चहल-पहल रही। फलों की दुकानों पर सर्वाधिक भीड़ देखी गई। पर्व के कारण कुछ फल काफी महंगे बिके।

loksabha election banner

देर रात महिलाओं ने पूजा के पकवान बनाए। अधिकतर ने नए गुड़ का प्रसाद तैयार किया। इस दौरान महिलाओं ने घरों में छठ मैया के गीत गाए। व्रती महिलाओं के परिजनों का गंगा, तालाब सहित अन्य नदियों के किनारे बेदी बनाने का क्रम जारी रहा। नगर के सभी गंगा घाटों पर बांस-बल्लियां लगाकर श्रद्धालुओं के आने की व्यवस्था की गई है। नगरपालिका की ओर से वहां पर लगी सभी स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कर दिया गया है। नगरपालिका के कर्मचारी नाला के जरिये गंगा में आ रही गंदगी को साफ करने में लगे थे। हालांकि नगर के कुछ को छोड़कर अधिकतर घाटों पर गंदगी देखी गई। वहीं किसी घाट पर महिलाओं के वस्त्र बदलने की कोई व्यवस्था नहीं दिखी।

बच्छल का पुरा में होगी परेशानी

मुहम्मदाबाद : नगर के महादेवा पोखरा, यूसुफपुर बाजार पोखरा, हनुमान गंज पोखरा पर तो छठ पूजन के लिए कोई खास परेशानी नहीं होगी लेकिन सेमरा व बच्छलपुरा के पास गंगा तट पर पूजन करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बच्छलपुरा के पास कटान के चलते करार खड़ा होने से उस पर उतरना काफी खतरनाक हो गया है। वहीं सेमरा के पास बोल्डर लगा देने लेकिन सीढ़ी न बनाए जाने से पूजन के लिए तट पर जाने वाली महिलाओं के साथ हादसा हो सकता है। बच्छलपुरा गंगा तट के पास छठ पूजन समिति के मनोज कुमार ने बताया कि पूजन को देखते हुए पानी में बांस लगाकर घेरा बना दिया गया है ताकि लोग गहरे पानी में न जा सके।

बेदी बनाने की रही होड़

गहमर : डाला छठ को लेकर बाजार में चहल पहल रही। पकड़ीतर बाजार, बस स्टैंड बाजार में लोगों ने फल, सूप, दउरी की खरीदारी की। महंगाई पर आस्था भारी रही। गंगा घाट पर वेदी बनाने में भी भीड़ लगी रही। थानाध्यक्ष हिमेंद्र सिंह ने नरवा घाट, पंप कैनाल घाट, पंचमुखी घाट का निरीक्षण किया। दिलदारनगर : डाला छठ के मौके पर सुबह से लगायत शाम तक ग्रामीण खरीदारी करते रहे। रेलवे क्रासिंग पर भीड़ होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से तैनात रहे। आरपीएफ थाना प्रभारी रामाधार प्रसाद ने बताया कि जगह-जगह फोर्स तैनात कर दी गई है। सादात : स्थानी दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जमी रही। फलों की दुकानों पर अधिक भीड़ होने के कारण बाजार में जाम की स्थिति बनी रही।

गांगी के तट पर आठ सौ बेदियां

नंदगंज : इस वर्ष डाला छठ का पर्व मलमास में नहीं पड़ने के कारण श्रद्धालु महिलाओं की संख्या में इजाफा हुआ है। गांगी के तट पर आठ सौ बेदी बनाई गई है। बेदी बनाने के लिए कई बार लोगों में तूतू-मैंमैं भी हो गई। इस वर्ष घाट पर प्रकाश एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी रामलीला संघ बरहपुर की ओर से की गई है। इस जानकारी संघ के उपाध्यक्ष गौरव सिंह ने दी है।

पोखरों की नहीं की गई सफाई

मरदह : डाला छठ को देखते हुए लोग नदी, पोखरों के किनारे बेदी बनाने में लगे हुए हैं। बरही के सार्वजनिक पोखरे की सफाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी दिखी। स्थानीय बाजार में महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा फलों की खरीदारी जोरों पर रही। इस मौके पर सफाईकर्मियों द्वारा मार्गो की सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार दिखा। नसरतपुर, मरदह, डंडापुर, पांडेयपुर, बीरबलपुर आदि के ग्रामीणों ने सफाई की मांग की है। बिरनो : पर्व की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्र में भड़सर, जयरामपुर मोड़, बद्धुपुर, भैरोपुर आदि गांवों में लोग फलों की खरीदारी करते नजर आए। भड़सर, टियरा, बोगना, खड़गपुर आदि में पोखरे की सफाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश देखा गया। बरही निवासी बिंदु सिंह ने बताया कि वह बीस वर्षो से यह व्रत रख रही हैं। इस पर्व में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है।

200 रुपये किलो बिकी लौकी

दुल्लहपुर : छठ पर्व के मौके पर स्थानीय बाजार में लौकी 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक गई। लोगों का मानना है कि व्रत रखने वाली महिलाएं डाला छठ पर लौकी भात खाकर निराजल व्रत रखती हैं। बाजार में लौकी कम आने से दुकानदार मनमाने दाम पर बेच रहे हैं।

सफाई के लिए श्रमदान

बिरनो : बरही के ग्रामीणों ने डाला छठ को लेकर पोखरा की सफाई की। महिलाओं के वेदी भी बनाई। ग्रामीणों का कहना है कि इस गांव में तीन सफाई कर्मी तैनात हैं। नियमित नहीं आते हैं। सफाई अभियान में पुनीत सिंह, बंटी सिंह, विशाल सिंह, प्रिंस सिंह, राहुल आदि शामिल थे।

बाजार रहे गुलजार

मुहम्मदाबाद : डाला छठ का पर्व के एक दिन पूर्व बाजार में खरीदारों की काफी भीड़ रही। सुबह से ही फल व कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों विशेषकर महिलाओं की भीड़ शुरू हो गई। भीड़ का आलम यह था कि नगर के तहसील तिराहे व यूसुफपुर बाजार में जाम लगा रहा। छठ में सबसे महत्वपूर्ण ईंख की काफी दुकानें लगी थी। इसमें स्थानीय किसानों की ईख के साथ-साथ अंबेडकर नगर स्थित गोंविद शाह क्षेत्र की भी ईख बेचने के लिए लाई गई है। ईख 60 से 80 रुपए में छह पीस बिक रही थी। बाजार में फलों का भाव सामान्य रहा। सबसे अधिक महंगा सूप व दउरी रहा। 50 रुपए में सूप तो 100 रुपए में दउरी बिकी।

खरीददारी के कारण सड़कों पर लगा जाम

सैदपुर : छठ पूजा की तैयारियों का अंतिम दौर शुरू हो चुका है। पूजा के लिए फलों की खरीदने के लिए लोगों की भीड़ पूरे दिन दुकानों पर लगी रही। नगर में नई सब्जी मंडी, पुरानी सब्जी मंडी, त्रिमुहानी सहित रेलवे क्त्रासिंग के पास तक दुकानें सजी रहीं जिसके कारण पूरे दिन नगर में भीड़ का माहौल रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग-29 सहित नगर की मुख्य सड़कों पर कई बार जाम लग जा रहा था।

आस्था का प्रतीक : डाला छठ

जमानियां : लोकपर्व डाला छठ की शुरूआत हो चुकी है। गंगा किनारे, नहरों व पोखरे के किनारे वेदी बनाने के साथ ही पूजा शुरू है। बाजार में सूप, उदरी, दीया, फल, ईख की दुकानें सज चुकी हैं। सुबह से शाम तक बाजार में भीड़ लगी रही। नगरपालिका परिषद की ओर से गंगा किनारे सफाई हो रहा है। छह पूजा करने वाली महिलाएं आस्था के साथ पर्व की तैयारी में जुटी हैं।

30सी-चंदा देवी

खुशहाली आई

छठ पूजा करने से उनके घर खुशहाली आई है। पूजा के वेदी बना चुकी हैं।- चंदा देवी, जिनोदपुर।

31सी: गायत्री राय

कई वर्ष से कर रही हैं पूजा

कई साल से वे पूजा कर रही हैं। छठ मइया की कृपा से घर में सुख-समृद्धि बढ़ी है।- गायत्री राय, सैदाबाद।

32सी: माया राय

प्रकृति से है जोड़ती

छठ मइया की पूजा करते हुए कई साल बीत गए। छठ पूजा हमें प्रकृति से जोड़ती है।- माया राय, कस्बा बाजार।

33सी: सुषमा

पूरी होती है मनोकामनाएं

छठ पूजा से सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। छठ मइया की कृपा से घर में खुशीहाल है। पूजा में बच्चों के साथ परिवार के सदस्य भी भाग लेते हैं।- सुषमा जायसवाल, चौधरी मोहल्ला।

हर घाटों पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

हर घाटों पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की व्यवस्था की गई है। हर घाट पर गोताखोर भी मौजूद रहेंगे। भीड़ को देखते हुए बड़े वाहनों को विशेश्वरगंज के पास ही रोक दिया जाएगा। सुरक्षा के लिए महिला पुलिस का भी बंदोबस्त किया गया है। बल्ली-बांस गाड़ कर श्रद्धालुओं के आने-जाने का इंतजाम किया गया है। वोट, ट्यूब, रस्सा आदि का भी इंतजाम किया गया है।- कमल किशोर, क्षेत्राधिकारी नगर।

घाटों की हो चुकी है सफाई

सभी घाटों की सफाई व्यवस्था कराई जा रही है, जिन घाटों पर सफाई नहीं हो पाई है उसकी सुबह करा दी जाएगी। सफाई कर्मचारियों ने गंगा घाटों पर हुए गढ्डों को पाट दिया गया है ताकि व्रती महिलाएं गिर कर चोटिल न हों। - विनोद अग्रवाल, चेयरमैन, नगरपालिका।

एटीएम पर दिखा भीड़ का असर

भीड़ का असर नगर के एटीएमों पर भी दिखाई दिया। भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक आफ इंडिया, बैंक आफ बड़ौदा व एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर लोगों की लंबी कतारें लगी रही।

फलों की कीमत

फल कीमत

सेब 80 रुपये प्रति किलो

अन्नानास 30 रुपये प्रति पीस

नारियल 25-30 रुपये प्रति पीस

चाइना नासपाती 160 रुपये प्रति किलो।

केला 40 रुपये प्रति दर्जन।

संतरा 60 रुपये प्रति किलो।

अनार 120 रुपये प्रति किलो।

शकरकंद 30 रुपये प्रति किलो।

ईख 80 रुपये में छह पीस।

ईख (गोविंदपुरी) 150 रुपये में छह पीस।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.