श्राद्ध कर्म में गया युवक गंगा में समाया
गाजीपुर : दादा का श्राद्ध कर्म करते समय पौत्र लक्ष्मण उर्फ सिंटू यादव (20) गुरुवार की सुबह गंगा में
गाजीपुर : दादा का श्राद्ध कर्म करते समय पौत्र लक्ष्मण उर्फ सिंटू यादव (20) गुरुवार की सुबह गंगा में समा गया। छोटा महादेवा घाट पर स्नान करते समय गहरे पानी में उतर जाने से नदी की लहरें उसे बहा ले गई। साथ में मौजूद लोगों के शोर मचाने पर जुटे आसपास के लोग बचाने के लिए नदी में कूदे लेकिन सफलता नहीं मिली। देर शाम तक लक्ष्मण की तलाश जारी थी। इस घटना से घर में कोहराम मच गया।
लक्ष्मण शहर कोतवाली क्षेत्र के गोराबाजार मुहल्ले का निवासी था। गत नौ अक्टूबर को उसके दादा खेदन यादव का निधन हो गया। श्राद्ध कर्म के लिए लक्ष्मण ने दाग दिया था। वह सुबह करीब पौने सात बजे सात-आठ लोगों के साथ स्नान कर पानी देने के लिए गंगा तट पर महादेवा घाट पहुंचा। साथ आए लोग किनारे कम पानी में ही स्नान करने लगे। लक्ष्मण उनसे आगे बढ़ा तो गहरे पानी में चला गया। यह देख साथ आए लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। चौकी प्रभारी अतुल राय ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई जो देर शाम तक जारी थी।
साल भर पहले चल बसे पिता
लक्ष्मण के गंगा में समाने की खबर मिलते ही उसकी मां लौंगी देवी रोते-रोते अचेत हो जा रही थीं। साल भर पहले ही उसके पिता सरजू यादव का बीमारी के चलते निधन हो गया था। लक्ष्मण चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके घर जुटे पास-पड़ोस के लोग रुंधे गले से कह रहे थे कि पहले पिता, फिर दादा का निधन और अब छोटे भाई के नदी में समाने से तीनों भाइयों पर विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा है।