आस्था की दरिया में भक्तों ने लगाए डुबकी
गाजीपुर : शारदीय नवरात्र के चौथे दिन रविवार को भी आस्था की दरिया में श्रद्धालु डुबकी लगते रहे। देवी मंदिरों में तड़के से शुरू घंटा-घड़ियाल की गूंज देर रात तक आसपास तक के माहौल को भक्तिमय बना रहा। गहमर क्षेत्र के करहिया में मां कामाख्या धाम, करीमुद्दीनपुर में कष्ट हरणी भवानी मंदिर में खासतौर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा था। भीड़ नियंत्रित करने के लिए फोर्स की तैनाती की गई थी।
मुहम्मदाबाद : क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर स्थित मां कष्टहरणी भवानी के मंदिर पर दर्शन पूजन की काफी भीड़ रही। मंदिर परिसर में अखंड दीप जलाकर देवी जागरण करने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पूरी रात मंदिर में जमी रही। नगर के तहसील परिसर स्थित मां मनोकामना देवी, सलेमपुर, नवापुरा व तिवारीपुर मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर, यूसुफपुर महाकाली मंदिर, शाहनिंदा काली मंदिर आदि पर सुबह व शाम दर्शन पूजन व भजन कीर्तन में श्रद्धालुओं विशेषकर महिलाओं की काफी भीड़ हो रही है।
अमवा सिंह सती स्थान पर बिहार आदि जगहों से काफी संख्या में श्रद्धालु वाहनों से पहुंच रहे हैं। वाहनों की लंबी कतार से जाम लग रहा है। जमानियां : नगर सहित मदनपुरा, बरुइन व ग्रामीण क्षेत्र के देवी मंदिरों में भीड़ लगी रही। मलसा : देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया। आदि शक्ति नव दुर्गा मंदिर रामपुर मिल्की, मकसूदपुर स्थित दुर्गा मंदिर में भीड़ रही।
हिंदू व मुस्लिम वर्ग ने किया रामचरित मानस का पाठ
मलसा : बेटाबर गांव स्थित करुणा देवी प्राथमिक विद्यालय में गंगा-जमुनी संस्कृति रविवार को देखने को मिली। हिंदू व मुस्लिम वर्ग की लड़कियों ने एकसाथ बैठ कर रामचरित मानस का पाठ किया। मुस्लिम युवक ने देश व समाज की भलाई के लिए हवन कुंड में आहूति दी। इस दौरान दोनों वर्गो के लोग उपस्थित थे।
प्रति वर्ष रामचरित मानस पाठ में दोनों समुदाय के लोग इकट्ठा होते हैं। रामचरित मानस पाठ करने के साथ देश और क्षेत्र में अमन चैन रहने की दुआएं मांगी जाती है। किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होता। इस बार भी एकता की यह मिसाल देखने को मिली। पाठ में दोनों समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़ कर लिया। विद्यालय की रिजवाना, रेहाना व जुवैदा ने मानस चौपाइयां पढ़ी। इसमें उनके घरवाले भी मौजूद थे। विद्यालय के प्रबंधक करुणा निधि राय व कयामुद्दीन अंसारी ने आहुति दी।