गुरु बिन नहीं मिलते ईश्वर
गाजीपुर : शहर के जमलापुर में गुलाब दास बाबा मंदिर परिसर में चल रहे संगीतमय भागवत कथा सप्ताह में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सद्गुरुदेव कृपा मंडल द्वारा आयोजित कथा में तीसरे दिन शुक्रवार की शाम गुरु की महत्ता व सांसारिक बुराइयों से दूर रहने के उपाय बताए गए।
आचार्य मनोज अवस्थी महाराज ने कहा कि गुरु के बिना ईश्वर नहीं मिल सकते। राम, कृष्ण ने भी गुरु के चरणों में ज्ञान लिया। मनुष्य को गृहस्थ धर्म का पालन करते हुए ईश्वर के ध्यान में लीन रहना चाहिए। नाव जल में रहे तो ठीक है परंतु नाव जल से भर जाय तो ठीक नहीं, उसी प्रकार हम संसार में रहें परंतु यहां की बुराइयों से खुद को बचाए रखें। जीव को संसार के प्रति मोह नहीं रखना चाहिए।
संसार को सदैव किराए का घर समझें और मोक्ष के प्रति प्रयत्नशील रहें। उन्होंने भक्त प्रहलाद व प्रभु की कथा सुनाई। स्वर्ग और नर्क के 28 प्रकार को उदाहरण देकर समझाया। इस दौरान जवाहर लाल वर्मा, अवधेश कुशवाहा, विनय राय, नरेंद्र पाठक, चंद्रशेखर, संतोष कुमार पांडेय, इंद्रदेव, विनोद कुशवाहा, माखन यादव आदि मौजूद थे।