सड़क-बिजली के लिए किया चक्काजाम
जंगीपुर (गाजीपुर) : हादसे का सबब बनी सड़क व बिजली अनापूर्ति पर ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट गया। सुबह करीब नौ बजे लावा मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे सदर तहसीलदार ने जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार व एक महीने में सड़क को गड्ढामुक्त करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि लावा से लगायत पारा मोड़ तक सड़क में जगह-जगह जानलेवा गड्ढे हो गए हैं। इससे राहगीर रोजाना गिरकर घायल होते रहते हैं। हादसे में लोग अपनी जान भी गवां चुके हैं। सड़क की मरम्मत को लेकर ग्रामीण कई बार जिलाधिकारी व संबंधित विभाग के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। हफ्ते भर पहले सड़क पर जमा पानी में धान की रोपाई कर प्रशासन को आईना दिखाया था लेकिन जिला प्रशासन के कान में जू तक नहीं रेंगी।
छात्रनेता विवेकानंद पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में मात्र तीन-चार घंटे बिजली मिल रही है। यह किसानों के साथ अन्याय है। उनकी फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई है। अगर सड़क की मरम्मत जल्द से नहीं हुई तो ग्रामीण जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। जाम करने वालों में मनोज सिंह यादव, रघु बिंद, रामध्यान, मनई राम, गुप्तेश्वर तिवारी, जावेद अंसारी, पवन सिंह, संजय यादव, उदय पांडेय, डा. ओमप्रकाश सिंह आदि प्रमुख थे।
पुलिस से हुई नोकझोंक
जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस की ग्रामीणों से जमकर नोकझोंक हुई। ग्रामीणों का कहना था कि चाहे जो हो जाए आज उच्चाधिकारियों के आकर आश्वासन देने बगैर यहां से नहीं हटेंगे। ग्रामीणों के तेवर देख पुलिसकर्मी पीछे हट गए।
तीन दिन से जला है ट्रांसफार्मर
दुल्ल्हपुर (गाजीपुर) : क्षेत्र के जफरपुर डिहिया का ट्रांसफार्मर तीन दिन से जला पड़ा है। इससे गांव में अंधेरा होने के साथ साथ ट्यूबवेल भी बंद पड़े हैं। गांव के बदलू यादव ने बताया कि जला ट्रांसफार्मर सूचना देने के बावजूद नहीं बदला गया। पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। धान की फसलें सूख रही हैं। विभागीय अधिकारियों के प्रति ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है।
अगर जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीण सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
बिरनो : क्षेत्र में शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल रही। बार-बार कटौती होती है। महज चार-पांच घंटे ही आपूर्ति हो रही है।
छह घंटे आपूर्ति मंजूर नहीं
सुहवल : क्षेत्र में महज छह घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। यह ग्रामीणों को मंजूर नहीं है। भोर में चार से सुबह दस बजे तक आपूर्ति की जा रही है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। जेई संतोष मौर्य का कहना है कि शासन के निर्देश पर आपूर्ति की जा रही है।