अस्पतालों की दशा सुधारने को सत्याग्रह जारी
गाजीपुर : जिला मुख्यालय स्थित पुरुष व महिला अस्पताल की दशा सुधारने के लिए आम आदमी पार्टी और समग्र विकास इंडिया के कार्यकर्ताओं ने 22वें दिन सोमवार को भी सत्याग्रह किया। जिला अस्पताल में आयोजित सत्याग्रह के दौरान पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह के लिए बुद्धि- शुद्धि यज्ञ किया गया।
आप नेता व जिला पंचायत सदस्य ब्रज भूषण दुबे ने कहा कि ग्रामीण इलाके के स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी के कारण मरीज जिला अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचते हैं। इन अस्पतालों में आए मरीजों को चिकित्सक ग्राहक समझकर पेश आते हैं। महिला अस्पताल में 15 के बजाय महज दो चिकित्सक ही हैं। स्थिति यह है कि अल्ट्रासाउंड और एक्स रे बंद है।
अन्य वक्ताओं ने स्थानीय सांसद और रेल राज्य मंत्री को भी आड़े हाथ लिया। यहां घोषणा की गई कि सत्याग्रह का पहला चरण पूरा होने के बाद मंत्रियों के आवासों पर धरना दिया जाएगा। इस दौरान जावेद अहमद, रुद्रेश निगम, मनोज तिवारी, नीरज, हनुमान बिंद, नागेंद्र शर्मा, महेश यादव, राम विजय, अजय यादव, राघवेंद्र साहू, अशोक चौधरी, पारस, मो. इसरार आदि ने भी विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता सुभाष कुशवाहा ने की।