मठ में धमके नकाबपोश, दी धमकी
सैदपुर (गाजीपुर) : नगर के रंगमहल घाट स्थित मठ में शनिवार की आधी रात के बाद एक बजे तीन नकाबपोश युवक घुस गए। उन्होंने शिष्यों से गाली-गलौच की। हालांकि शोर मचाने पर वे फरार हो गए। घटना के कुछ ही समय बाद वहां पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की लेकिन पकड़ में नहीं आ सके। घटना का कारण मठ की जमीन के स्वामित्व को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है।
रंगमहल स्थित गंगा किनारे जूना अखाड़ा के संत चंद्रानंद सरस्वती का मठ है। वहां वह अपने शिष्यों व अन्य सहित रहते हैं। शनिवार की रात वह मठ के कमरे में सोए थे। रात एक बजे कुछ होहल्ला सुनकर कमरे से बाहर निकले तो देखा कि तीन लोग मुंह पर गमछा बांधे उनके शिष्यों से गाली गलौच कर रहे हैं। उन्होंने आपत्ति की तो आरोपी उनके साथ भी धक्का-मुक्की करने लगे। संत ने पुलिस को फोन किया तो वे भाग गए।
दस मिनट बाद ही पहुंची पुलिस भी आरोपियों को नहीं तलाश सकी। सुरक्षा की दृष्टि से दो सिपाही रात में वहां तैनात कर दिए गए। रविवार सुबह कोतवाल ओपी सिंह ने मामले की जानकारी ली। स्वामी ने बताया कि आरोपियों ने मुंह बांध रखा था। इसलिए वह पहचान नहीं पाए। सुबह घटना की जानकारी होते ही मठ पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगने लगा। एएसपी सिटी हफीजुर रहमान ने भी यहां पहुंचकर मामले की जानकारी ली। कोतवाल को मठ के पास रात में गश्त कराने का निर्देश दिया।
उड़ी थी लूट की अफवाह
सैदपुर में मठ में रात हुए विवाद का मामला सुबह होते ही महंत को आतंकित कर दस लाख रुपये लूटने के रूप में क्षेत्र में फैला। मौके पर लोगों के पहुंचने व संत से पुलिस की बातचीत के बाद यह अफवाह निकला।
पुलिस कर रही जांच
मठ के एक कमरे की भूमि के स्वामित्व का संत व एक व्यक्ति के बीच विवाद चलता है। मामला अदालत में भी लंबित है। दो माह पहले मठ के लोग कांटा रखकर जगह घेर रहे थे तो विपक्षी ने उसे उखाड़कर फेंक दिया था। हो सकता है इसी प्रकरण को लेकर धमकी दी गई हो। पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
-हफीजुर रहमान, एएसपी सिटी।