पोल्ट्री फार्म संचालक को घोंपा चाकू, अज्ञात का मिला शव
कासिमाबाद : थाना क्षेत्र के खजुहा स्थित पोल्ट्री फार्म पर सोमवार की रात मुर्गा खरीदने के विवाद में युवकों ने संचालक चंदन पर चाकू से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा पर पहुंचे ग्रामीणों ने चंदन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास जांच की तो पोल्ट्री फार्म के सौ मीटर दूर खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि शव हमलावर युवकों में से एक का है। पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है।
चंदन के घरवालों के अनुसार रात करीब आठ बजे बाइक से तीन युवक पोल्ट्री फार्म पर मुर्गा खरीदने पहुंचे। वहां मौजूद चंदन ने कहा कि मुर्गा नहीं है। इस पर बाइक सवार युवक भड़क गए। उसी दौरान एक हमलावर ने चाकू से चंदन पर वार कर दिया। चाकू लगते ही चंदन गिरकर छटपटाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक हमलावर युवक भाग निकले। सूचना पर जब पोल्ट्री फार्म पर पुलिस पहुंची तो चंदन को घरवाले लेकर अस्पताल चले गए थे।
पुलिस ने आसपास जांच की तो फार्म से कुछ ही दूरी पर खेत में 27 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने जिला अस्पताल में चंदन का बयान लिया। पुलिस को आशंका है कि चंदन को चाकू मारने वाले ही हमलावर का शव है। थानाध्यक्ष राजेश मिश्रा ने बताया कि मामला संदिग्ध है। युवक के शव की
शिनाख्त नहीं हो सकी है।
गांव के चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।