रोजगार मांगने ब्लाक पर पहुंची महिलाएं
गाजीपुर : रोटी एवं रोजगार मांगने नारी संघ मंगलवार को सदर ब्लाक मुख्यालय पहुंचा। इसमें शामिल महिलाओं ने अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा। कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर उनकी समस्याओं का निवारण न होने से जिला स्तर पर आवाज उठानी पड़ रही है। मनरेगा मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है। इससे दाने-दाने के लाले पड़ गए हैं।
क्षेत्र के डिलियां, खिदिराबाद, बंजारीपुर, विद्यापारा, महुआरी, कटैला, बिराइच, विशुनपुरा, पिपरहीं, चौकिया आदि गांवों के नारी संघ की महिलाओं ने अपने हक के लिए हुंकार भरी। कहा कि सदर ब्लाक में ग्रामीण महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम के तहत गठित नारी संघ चालीस ग्राम पंचायतों में भोजन, काम, स्वास्थ्य एवं शिक्षा का अधिकार है। ग्राम पंचायत में ग्रामसभा की खुली बैठक नहीं होती है। कहीं होती भी है तो नारी संघ को उसमें नहीं बुलाया जाता है।
इससे उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है। दिन पर दिन संघ के सदस्यों की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। बीपीएल एवं अंत्योदय कार्डधारकों से खाद्यान्न का अधिक मूल्य लिया जा रहा है। ऊपर से घटतौली और घटिया खाद्यान्न का शिकार होना पड़ता है। इस संबंध में नारी संघ ने जिलापूर्ति अधिकारी को भी मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर नन्हकी देवी, कुसुम देवी, अनरसी देवी, संगीता देवी, सीमा देवी, प्रेमा देवी, रंभा देवी, बुधिया, प्रमिला, जीऊती एवं मतिया देवी आदि मौजूद थीं।