राजकीय बालिका इंटर कालेज में मात्र 95 छात्राएं
सैदपुर (गाजीपुर) : संचालित कक्षाएं कक्षा छह से 12 तक। प्रधानाचार्य सहित 12 शिक्षिकाएं लेकिन छात्राओं की संख्या मात्र 95। यह हाल है नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज का। कालेज की असलियत के बारे में जानकर लोग दंग हो जाएंगे। कक्षा छह, सात, आठ व 11 में छात्राओं की संख्या दहाई का भी आंकड़ा नहीं पार कर सका है।
डेढ़ दशक पहले यह विद्यालय नगर के पीपा घाट रोड पर किशुन प्रसाद जायसवाल के मकान में कराए पर चलता था। तब छात्राओं की संख्या काफी ज्यादा थी। पूर्व मंत्री कलराज मिश्र व महेंद्र पांडेय के प्रयास से बूढ़ेनाथ महादेव घाट के पास इस विद्यालय की स्थापना कराई गई। करोड़ों रुपये खर्च कर विद्यालय का भवन बना। शुरू में यहां छात्राओं की संख्या ठीक रही।
समय के साथ दिन पर दिन संख्या कम होती गई। निजी विद्यालयों की अधिकता व राजकीय विद्यालय में पढ़ाई पर ध्यान न दिए जाने के कारण अब छात्राएं यहां प्रवेश लेने से परहेज करने लगी हैं।
विज्ञान व कला वर्ग की होती है पढ़ाई, नहीं है प्रयोगशाला
विद्यालय में विज्ञान व कला वर्ग की पढ़ाई होती है। विज्ञान वर्ग के लिए प्रयोगशाला की व्यवस्था नहीं है। कंप्यूटर शिक्षा दी जाती है। प्रधानाचार्य शकुंतला कुमारी सहित कुल 12 शिक्षिकाएं तैनात हैं।
क्षतिग्रस्त है चहारदीवारी व खिड़की के शीशे
विद्यालय भवन की चहारदीवारी गंगा तट की दिशा में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। भवन के खिड़की के शीशे अराजक तत्वों ने तोड़ दिए हैं। नियमित सफाई न होने के कारण विद्यालय में बड़ी-बड़ी घास उग आई हैं। मरम्मत के अभाव में एक-दो कमरों का छत भी जर्जर हो गया है।
दूषित जल पीने को विवश छात्राएं
यहां लगा सबमर्शिबल खराब हो गया है। दो हैंडपंप हैं इनमें भी एक खराब है। दूसरा हैंडपंप दूषित पानी दे रहा है।
बढ़ी है संख्या
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार छात्राओं की संख्या में इजाफा हुआ है। छात्राओं की संख्या बढ़ाने के लिए पूरा प्रयास किया जाता है। अभी प्रवेश प्रारंभ है। उम्मीद है कि इस वर्ष छात्राओं की संख्या और बढ़ेगी। विद्यालय में व्याप्त समस्याओं से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
- शकुंतला कुमारी, प्रधानाचार्य।
कक्षावार छात्राओं की संख्या
कक्षा छात्राओं की संख्या
छह सात
सात आठ
आठ चार
नौ 24
10वीं 29
11वीं सात
12वीं 16