छात्राओं ने रैली निकाल किया जागरूक
सादात (गाजीपुर) : मतदाता जागरुकता अभियान के तहत सोमवार को कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने रैली निकाली। छात्राओं ने लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया।
रैली में छात्राओं ने 'आधी रोटी खाएंगे, वोट देने जाएंगे' का नारा लगाया। रैली विभिन्न मार्गो से होते हुए गोविंद इंटर कालेज में चल रहे ब्लाक स्तरीय मतदाता जागरुकता कार्यक्रम में पहुंचकर समाप्त हुई। वहां पर छात्राओं ने लोक गीत के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी में बाल विकास परियोजना अधिकारी बीके सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व को विजय दिलाने के लिए सभी लोग जागरुकता के साथ मतदान करें। विशेष रूप से महिलाओं का आह्वान किया। कहा कि गृहणियों के मतदान से परिवार के अन्य लोग भी वोट डालने के प्रति सचेत होंगे। एपीओ विनय प्रकाश राय, अवध बिहारी आदि ने भी मतदाताओं को जागरूक किया। संचालन एडीओ संतोष ने किया। इस अवसर पर वार्डेन सरिता गुप्ता, सुनीता, मंजू, माया के अलावा ग्राम रोजगार सेवक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मुख्य सेविकाएं उपस्थित थीं।