नहीं खुल रहा प्राथमिक विद्यालय वीरभानपुर
भांवरकोल (गाजीपुर) : क्षेत्र में दो-दो खंड शिक्षा अधिकारी भले ही दौरा कर रहे हैं लेकिन शिक्षा के स्तर में सुधार नहीं हो रहा है। इसका उदाहरण है वीरभानपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय। यह विद्यालय शायद ही कभी खुलता है। सोमवार को विद्यालय पर ताला लटक रहा था। विद्यालय के पास स्थित पोखरा में बच्चे मछली मार रहे थे।
विद्यालय में चारो तरफ गंदगी है। शिक्षकों की लापरवाही से बच्चे इधर-उधर घूमते हैं। कुछ बच्चे विद्यालय स्थित पोखरा में मछली पकड़कर अपना समय बिताते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि छात्रवृति व ड्रेस नहीं बंटा है। कभी-कभी एमडीएम बनता है। बगले के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक बिंदेश प्रजापति ने बताया कि विद्यालय का ताला नहीं खुलने से शिक्षामित्र खुशबू त्रिपाठी और प्रियंका मिश्रा लौट जाती हैं। अतिरिक्त कक्ष का निर्माण अधूरा है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानाध्यापक रामबदन मिश्र विद्यालय नहीं आते हैं। अब विद्यालय भगवान भरोसे चल रहा है। एक पखवारा पहले एबीएसए राजेश यादव व एबीआरसी जुबेर अंसारी विद्यालय में प्रधानाध्यापक के साथ बैठकर छात्रवृति व ड्रेस वितरित करने के बारे में चर्चा किए। आज तक इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया। विद्यालय की दुर्व्यवस्था यथावत बनी है। खंड शिक्षा अधिकारी उदय राज मौर्य ने कहा कि विद्यालय बंद होना गंभीर बात है। इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।