बिना शिक्षा के विकास की कल्पना बेमानी
पूर (बलिया) : किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय रक्सा में शनिवार को बीएड व बीटीसी संकाय के संयुक्त तत्वावधान में क्वालिटी एजूकेशन एंड डेवेलपमेंट विषयक व्याख्यानमाला महाविद्यालय के पंडित सच्चिदानंद सभागार में आयोजित की गई। मुख्य वक्ता प्रो.जीएस तिवारी कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा (बिहार) ने वैश्विक चुनौतियों का सामना करने तथा सशक्त राष्ट्र निर्माण में गुणवत्ता परक शिक्षा की अनिवार्यता को रेखांकित किया। उन्होंने शिक्षा के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए अविलंब सुधार करने पर जोर दिया। सह वक्ता डा.अरविंद उपाध्याय एसोसिएट प्रोफेसर पीजी कालेज गाजीपुर ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा को सशक्त बनाए बिना विकास की कल्पना करना बेमानी होगी। बिना संपूर्ण शिक्षा के देश का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। डा.नित्यानंद तिवारी प्रवक्ता शिक्षा संकाय ने गुणवत्ता परक शिक्षा पर सारगर्मित विचार प्रस्तुत किए। विषय प्रवर्तन डा.अशोक कुमार तिवारी विभागाध्यक्ष शिक्षा संकाय ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरिता तिवारी, सरिता सिंह, प्रिया सिंह, प्रतिष्ठा सिंह ने सरस्वती वंदना तथा प्रिया सिंह एवं प्रतिष्ठा सिंह ने स्वागत गीत के साथ किया। कार्यक्रम में अरविंद उपाध्याय, अरविंद गुप्त, विकास सिंह, डा.रूदल कुमार सिंह, धर्मेद्र कुमार सिंह, दयाशंकर सिंह आदि मौजूद थे। संचालन नम्रता तिवारी ने किया।