मार्ग बदहाल, लोग परेशान, अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
जासं, लोनी : इंद्रापुरी से बंथला 100 फुटा मार्ग की हालत बदहाल है। दो किमी के इस मार्ग पर पता ही नहीं
जासं, लोनी : इंद्रापुरी से बंथला 100 फुटा मार्ग की हालत बदहाल है। दो किमी के इस मार्ग पर पता ही नहीं चलता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। मार्ग पर जगह-जगह जलभराव रहता है। आवागमन में दर्जनों कालोनियों के लाखों लोग प्रभावित होते हैं। फिर भी जिम्मेदार विभाग कई वर्षो से इसकी मरम्मत तक कराना मुनासिब नहीं समझ रहे। कई बार लोग अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से इसके लिए गुहार भी लगा चुके हैं, लेकिन हालात जस के तस हैं।
दो किमी की दूरी तय करने में लगता है आधा घंटा : 100 फुटा मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं। यही नहीं, उबड़-खाबड़ सड़क पर रोड़ी-गिंट्टी भी पड़ी रहती हैं, जिससे यहां चलना दूभर हो रहा है। सरस्वती विहार, सुनीता विहार, सरलकुंज, पुष्पांजलि, वीनानगर, संगम विहार और आंनद विहार समेत कई दर्जन कालोनियों में रहने वाले इससे परेशान होते हैं। दो किमी की दूरी तय करने में राहगीरों को आधे घंटा लग जाता है। यही नहीं, बदहाल मार्ग से आए-दिन राहगीर दुर्घटना के शिकार होते हैं।
जलभराव बनी आफत : यहां जगह-जगह कालोनियों से निकलने वाली नालियों का गंदा पानी भरा रहता है, जिससे आने जाने वालों को खासा परेशानी होती है। वहीं, गड्ढे नजर न आने से लोग गंदे पानी में फिसलकर हादसे का शिकार होते हैं। कारण पास की कालोनियों
में पशुपालकों की लापरवाही से नालियों में गोबर भर जाता है, जिससे नालियां जाम हो जाती हैं। सफाई कर्मचारियों की लापरवाही से मार्ग के किनारे बने नाले साफ नहीं होते। पालिका प्रशासन को कई बार इस बाबत अवगत कराया गया, लेकिन पालिका कर्मचारियों के नदारत रहने से यहां नालों की सफाई नही हो रही है।
मार्ग की बदहाली के लिए कई बार डीएम को पत्र लिखकर सूचित भी किया गया, लेकिन पीडब्लूडी मार्ग को लेकर कोई भी गंभीर नहीं है।
अविनाश
जगह- जगह मार्ग पर गंदगी व जलभराव होने से आवागमन में राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। लोग परेशान रहते हैं।
अनिल कुमार
मार्ग पर जलभराव व गंदगी होने से आवागमन में परेशानी होती है।
शनि
यह मार्ग पीडब्लूडी विभाग के अंतर्गत आता है। नपा क्षेत्र के बाहर है। फिर भी पालिका द्वारा मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है।
डीके राय, अधिशासी अधिकारी