भूमि अधिग्रहण बिल पर विपक्षकर रहा दुष्प्रचार: दिनेश शर्मा
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : भूमि अधिग्रहण बिल पर चौतरफा हमले झेल रही भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष न
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : भूमि अधिग्रहण बिल पर चौतरफा हमले झेल रही भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने इसे विपक्ष की साजिश करार दिया है। लखनऊ के महापौर व डिजिटल सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी दिनेश शर्मा ने कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर अभी चर्चा शुरू हुई है। इसको लेकर सभी पक्षों से बात की जा रही है। संशोधन की बात आएगी तो वह भी किया जाएगा लेकिन विपक्ष अभी से इस पर हंगामा करवा रहा है और बिल का दुष्प्रचार करने का काम कर रहा है।
दिनेश शर्मा गाजियाबाद स्थित आरकेजीआइटी संस्थान में डिजिटल सदस्यता अभियान की समीक्षा कर रहे थे। इस मौके पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कई मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। जम्मू-कश्मीर में सरकार बनने के बाद पीडीपी के बयानों पर वह बोलने से बचते रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भले ही पार्टी को हार मिली हो लेकिन वोट प्रतिशत बढ़ा है जबकि कांग्रेस का वोट बैंक बुरी तरह से फिसला है। सदस्यता अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि बीजेपी विश्व की बड़ी पार्टी बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद ने तेजी से सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा कर लिया है। सभी को लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। दिनेश शर्मा ने कहा कि पार्टी मिशन 2017 पर निगाह बनाए हुए है। प्रदेश की सपा सरकार में अपराधियों का बोलबाला है। केंद्र से मिलने वाली राशि का भी प्रदेश सरकार द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रद्युमन, ब्रजबहादुर, दिनेश गोयल, अशोक मोंगा, मयंक गोयल, अश्वनी शर्मा, दिनेश कपूर आदि भी मौजूद रहे।
11 करोड़ 60 लाख से ज्यादा मिलीं मिस कॉल
डिजिटल सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि अभियान में पार्टी को देश भर से 11 करोड़ 60 लाख से ज्यादा मिस्ड कॉल मिली हैं। इनमें पूरी प्रक्रिया कर छह करोड़ 18 लाख सदस्य पंजीकृत हैं जबकि लगभग पांच करोड़ 42 लाख लोगों ने मिस्ड कॉल करने के बाद सदस्य बनने की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया।
ज्यादा सदस्य बनाने वाले सम्मानित
समीक्षा बैठक में दिनेश शर्मा ने बड़ी संख्या में सदस्य बनाने वाले पदाधिकारियों को सम्मानित किया। इनमें दिनेश गोयल को 1900, आशा शर्मा को 1800 और साक्षी नारंग को 5500 सदस्य बनाने पर सम्मानित किया गया। अन्य कार्यकर्ताओं को भी उन्होंने फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया।