धूमधाम से मनाया भारत उत्सव
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पावन चिंतन धारा आश्रम द्वारा आरकेजीआइटी संस्थान में भारत 'उत्सव' नाम से
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पावन चिंतन धारा आश्रम द्वारा आरकेजीआइटी संस्थान में भारत 'उत्सव' नाम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित भारत उत्सव में भारत माता के पूजन की परंपरा को शुरू किया गया।
कार्यक्रम का आगाज प्रसिद्ध फकीरा बैंड ने देशभक्ति के गीतों से किया। उसके बाद विश्व विख्यात नृत्यगुरु जितेंद्र महराज ने अपने शिष्यों के साथ नृत्य प्रस्तुति में साथ दिया। कार्यक्रम में भारत माता की पूजा-आरती की प्रथा का प्रारंभ श्रीगुरु पवन सिन्हा ने किया। इस मौके पर तीन दीपक प्रज्जवलित किए गए, जिसमें पहला दीप शहीदों की याद में, मा भारती के समक्ष किया गया। पावन चिंतन धारा के संस्थापक पवन सिन्हा ने कहा कि हम भारत के गौरवशाली इतिहास की बात हमेशा करते हैं लेकिन 66वें गणतंत्र दिवस पर यह सोचने की आवश्यकता है कि जिस देश का इतिहास लगभग ढाई लाख वर्ष पुराना हो, जिसमें अनाज से लेकर गणित तक, गहनों से लेकर संगीत तक, विमानों से लेकर योग तक दुनिया को सब कुछ दिया, जिसकी सैन्य शक्ति प्रखर थी और जो द्वापर युग में अर्थात लगभग 5.5 हजार साल पहले नाभिकीय हथियारों को प्रयोग किया वह भारत आखिर गुलाम क्यों हुआ। इसका विभाजन क्यों हुआ और आज भी भारत स्वतंत्रता के सही मायने खोज रहा है। एस्ट्रो अंकल पवन सिन्हा ने कहा कि हालात आज भी बहुत नहीं सुधरे हैं हम आज भी उन विदेशी तौर-तरीकों को अपना रहे हैं जो हमें राष्ट्र धर्म से दूर कर रहे हैं। मुख्य अतिथि भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त जीवीजी कृष्णमूर्ति ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हमारे भारत के गौरव पर विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि भारत माता के पूजन की परंपरा जारी रहनी चाहिए। कार्यक्रम में विधायक सुरेश बंसल, वीके अग्रवाल, दिनेश गोयल, सुशील गोस्वामी, नलिनी, कमलिनी, गौरव गोयल, संजीव गोयल, देवेंद्र हितकारी, मोहित बंसल, कर्नल टीपी त्यागी, सौरभ जायसवाल आदि मौजूद रहे।