निगम कार्यकारिणी के चुनाव में सात पार्षदों ने ठोकी ताल
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : सभी राजनीतिक दलों ने नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों के नाम फाइनल कर दिए हैं। नाम फाइनल होने से सदस्यों का कोरम पूरा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी व समाजवादी पार्टी ने आखिरी वक्त में अपने पत्ते खोलते हुए कार्यकारिणी सदस्यों के नाम फाइनल कर दिए। भाजपा की ओर से मोनिका मित्तल व सरदार सिंह भाटी का नाम फाइनल किया गया है। जबकि सपा ने पार्षद बाला यादव का नाम फाइनल किया है। कार्यकारिणी के लिए वैसे छह सदस्य चुने जाने हैं, मगर कांग्रेस से दो, भाजपा से दो, बसपा से दो व सपा से एक पार्षद का नाम कार्यकारिणी के लिए फाइनल किए जाने से चुनाव मैदान में अब सात सदस्य हो गए है। कार्यकारिणी सदस्य चुनने के लिए पांच सितंबर को बैठक प्रस्तावित की गई है। लेकिन सात पार्षदों के नाम आ जाने से कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव होने की अभी से उम्मीद हो गई है। अगर किसी भी दल का एक पार्षद चुनाव मैदान से नहीं हटा तो चुनाव होने के साथ क्रासिंग वोटिंग की उम्मीद प्रबल होती दिख रही है। इसमें किस राजनीतिक दल के पार्षद को झटका लगेगा, यह पांच सितंबर को ही पता चल सकेगा।
----------------------
भाजपा ने मुकेश को दिया झटका
भाजपा में लंबे समय से चल रहे घमासान का असर दिखाई दिया। पूर्व कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजेंद्र त्यागी को जहां पार्षद दल का नेता नहीं बनाया गया। वहीं भाजपा पार्षद दल के नेता मुकेश त्यागी को झटका देते हुए इनकी जगह पार्षद मनवीर नागर को पार्षद दल का नेता चुन लिया गया। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में संगठन की ओर से पहले महापौर तेलूराम कांबोज को अधिकृत तौर पर नहीं बुलाया गया था। मगर बाद में महानगर अध्यक्ष अशोक मोंगा खुद महापौर के घर पहुंचे। महापौर के सबसे करीबी माने जाने वाले पार्षद मुकेश त्यागी को दल के नेता पद से हटाकर झटका दे दिया गया। महापौर इस पूरे मामले में आखिरी वक्त तक चुप्पी साधे रहे। देखना होगा कि सात पार्षदों में किस दल के कितने पार्षद अब कार्यकारिणी सदस्य बनेंगे।