राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर अवैध कट बने परेशानी
अशोक ओझा, मुरादनगर : मुरादनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 58 पर बनाए गए कट जाम का सबब बन गए हैं। मेरठ के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के. सत्यनारायण की पहल पर दो कट बंद किए गए थे लेकिन अब चार नए कट बना दिए गए।
मुरादनगर में एनएच 58 पर बस स्टैंड व रेलवे रोड पर बने कट जाम का पर्याय बन रहे थे। लगातार जाम लगने एवं दुर्घटनाओं को देखते हुए डीआईजी ने दोनों स्थलों का निरीक्षण कर कट बंद करने का आदेश दिया। करीब तीन माह पूर्व दोनों कटों को बंद कर दिया गया। जिससे मुरादनगर में जाम की समस्या करीब-करीब समाप्त हो गई थी लेकिन करीब दो माह पूर्व अचानक ही इन दोनों कटों को फिर से खोल दिया गया। कट खुलने के कुछ दिन बाद से ही मुरादनगर में जाम की समस्या उत्पन्न होनी शुरू हो गई।
वर्तमान समय में स्थिति यह है कि प्रतिदिन सुबह व शाम के समय मुरादनगर में एनएच 58 पर मुरादनगर बस स्टेंड व रेलवे रोड के पास जाम आम है।
मंत्री पड़े डीआईजी पर भारी
लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के सूत्र बताते हैं कि प्रदेश के एक दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने दोनों स्थानों पर कट बनाने के लिए तत्कालीन जिलाधिकारी एसवीएस रंगा राव पर दबाव बनाया। इसके बाद दो के स्थान पर चार नए कट बनाए गए।
डीआईजी ने फिर से दिए हैं कट बंद करने के निर्देश
कांवड़ यात्रा के दौरान निरीक्षण के लिए मुरादनगर पहुंचे डीआईजी के. सत्य नारायण ने मुरादनगर थानाध्यक्ष को एक बार फिर कट बंद कराने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा के बाद कट बंद होने थे लेकिन संबंधित अफसर इस मामले में चुप्पी साधे बैठे हैं।
एनएच 58 पर 15 किलोमीटर में 34 कट
मुरादनगर थाना क्षेत्र की सीमा एनएच 58 पर एसआरएम यूनिवर्सिटी के पास से शुरू होती है। वहां से मोरटा तक के 15 किलोमीटर क्षेत्र में 34 कट बने हुए हैं जो जाम के साथ ही दुर्घटना का कारण भी बनते हैं। नियमानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक या दो किलोमीटर के बाद एक कट होना चाहिए।
'मुरादनगर बस स्टेंड व रेलवे रोड के सामने बने कटों के चलते जाम लगना आम है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र भी लिखा गया था। इसके बाद ही कट बंद हुए लेकिन बाद में खोल दिए गए। दोनों कट बंद होने से जाम की समस्या दूर हो सकती है।'
- आरपी शर्मा, थानाध्यक्ष मुरादनगर
--
'मुरादनगर थानाध्यक्ष से रिपोर्ट मांगी जाएगी तथा सर्वे कराने के बाद लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड को सूची भेजकर कट बंद करवाने का कार्य सौंपा जाएगा।'
- कृष्णा करूणेश, एसडीएम मोदीनगर