योगी हठ से पुलिस-प्रशासन की फूली रही सांसें
-भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह व प्रदेशाध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत लेते रहे घटना की जानकारी
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : गोरखपुर से भाजपा सांसद व गोरक्षा पीठ के उत्तराधिकारी योगी आदित्यनाथ व पूर्व सांसद राम विलास वेदांती को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लेने के बाद पुलिस-प्रशासन की सांसें फूली रहीं। जब उन्हें लोकसभा में इस मामले के उठाने की जानकारी मिली तो जिले के अधिकारियों के चेहरों पर चिंता की लकीरें नजर आईं।
बुधवार को अंबेडकर नगर जिलाधिकारी के फैक्स के आधार पर पुलिस-प्रशासन अधिकारियों ने योगी आदित्यनाथ को जबरन ट्रेन से उतारा तो उन्होंने यह सोचा था कि योगी को गेस्ट हाउस ले जाने के बाद वे दिल्ली छोड़ आएंगे, लेकिन सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता स्टेशन पहुंचना शुरू हो गए थे।
किसी अफसर ने जोड़े हाथ तो किसी ने पैर छुए
ट्रेन से उतारने के साथ ही योगी आदित्यनाथ ने पुलिस व प्रशासन पर बरसना शुरू कर दिया था। उन्होंने अधिकारियों को जमकर हड़काया। उन्होंने कहा कि जब ट्रेन अंबेडकर नगर या टांडा जाती ही नहीं तो उन्हें क्यों उतारा गया। साथ ही जब फैक्स मंगवाया गया तब भी भाजपा नेता व अधिवक्ता चंद्र मोहन शर्मा ने उसमें कमियां निकाल दीं। इसके बाद पुलिस-प्रशासन के अधिकारी स्टेशन से चलने के लिए उनसे मिन्नतें करते रहे। वे पसीजे नहीं। कुछ अधिकारियों ने हाथ जोड़े तो कुछ ने पैर भी छुए।
तड़के तक स्टेशन पर ही बैठना पड़ा
योगी के हठ योग अपनाने और सामान व अपने साथियों के आने तक स्टेशन न छोड़ने की घोषणा के बाद स्टेशन पहुंचे भाजपाइयों को भी रात स्टेशन पर ही गुजारनी पड़ी।
सांसद राजनाथ लेते रहे घटना की जानकारी
योगी आदित्यनाथ को हिरासत में लेने के बाद से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह घटना की जानकारी लेते रहे। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह पूरी रात स्थानीय कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर