गैरहाजिर क्लर्क की सफाईकर्मी से कराई जांच
फीरोजाबाद: नगर निगम में तैनात महिला क्लर्क के ड्यूटी पर न आने की सफाई कर्मचारी से जांच कराने की बात
फीरोजाबाद: नगर निगम में तैनात महिला क्लर्क के ड्यूटी पर न आने की सफाई कर्मचारी से जांच कराने की बात सुनकर महिला क्लर्क भड़क गई। उसने दफ्तर में बैठे नगर स्वास्थ्य अधिकारी को खरीखोटी सुनाते हुए जांच पर आपत्ति जताई। हंगामा होने से दफ्तर में भीड़ जुट गई।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रताप ¨सह ने महिला क्लर्क के दफ्तर न आने व हाजिरी रजिस्टर में दस्तखत न होने पर एक सफाई कर्मचारी को घर भेजकर जांच करने को कहा। जब महिला क्लर्क को पता चला कि सफाई कर्मचारी से जांच कराई जा रही है तो वह भड़क गई और दफ्तर में बैठे नगर स्वास्थ्य अधिकारी से एतराज जताया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने हाजिरी रजिस्टर दिखाते हुए अपनी बात जायज ठहराने का प्रयास किया, लेकिन महिला क्लर्क उनकी एक सुनने को तैयार नहीं थी। महिला ने कहा कि जांच करने का अधिकार कर्मचारी को नहीं है। जांच करनी है तो खुद जाकर करो। इससे कर्मचारियों का मनोबल गिरता है। इसी बात को लेकर करीब आधे घंटे तक नगर स्वास्थ्य अधिकारी व महिला क्लर्क के बीच जमकर नोकझोंक हुई। शोरगुल सुनकर दफ्तर के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में कुछ कर्मचारियों व सुपरवाइजर के समझाने के बाद मामला शांत कराया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि जो कर्मचारी लापरवाही करता है और बिना सूचना गायब रहता है। उसकी जांच कराना उनका काम है। महिला क्लर्क बेवजह आरोप लगा रही है। महिला क्लर्क का कहना है कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी कार्रवाई के नाम पर परेशान करते हैं।