फांसी पर लटकी मिली विवाहिता
फीरोजाबाद,(एका): सिकंदरपुर में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका के परि
फीरोजाबाद,(एका): सिकंदरपुर में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
सिकंदरपुर निवासी अमित उर्फ वीटू की 22 वर्षीय पत्नी मधु का शव शुक्रवार शाम घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका देख ससुरालीजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने शव को फंदे से उतार कर कमरे में लिटा दिया और फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जिला अस्पताल पहुंचे मृतका के पिता संतोष निवासी प्रेमनगर बांझ, थाना औंछा मैनपुरी ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री मधु की शादी 15 माह पूर्व की थी। शादी के बाद से ही उसका पति अमित अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। इसके एवज में उन्हें कुछ रुपये भी दिए, लेकिन उनका लालच कम नहीं हुआ। शादी के बाद से ही उसकी पुत्री का उत्पीड़न जारी रहा। इस मामले में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन उसके ससुरालीजनों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को मधु के पति अमित, देवर और ननद ने मिलकर उसकी पिटाई की और बाद में गला दबाकर हत्या कर फरार हो गए। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति, देवर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार यादव ने बताया विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया और शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।