गर्मी से आफत, आंधी-बारिश से राहत
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: गर्मी असहनीय होती जा रही है। शनिवार को तापमान अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: गर्मी असहनीय होती जा रही है। शनिवार को तापमान अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी ने व्याकुलता बढ़ा दी। दिन में गर्मी और दोपहर बाद एकाएक तेज आंधी और बारिश ने राहत प्रदान की।
मौसम विभाग की मानें तो गर्मी का पारा अभी और चढ़ेगा। एक सप्ताह बाद तापमान बढ़कर 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। शनिवार को सुबह से ही तीखी धूप निकली। सुबह दस बजने के बाद गर्मी आक्रामक हो गई। धूप तो असहनीय हो गई। बाजारों में जरूरी काम से निकले लोग गर्मी से बिलबिला गए। अनेक लोग तो छांव की शरण लेते दिखाई दिए। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गर्मी से आमजन पूरी तरह बेहाल हो गया। एक तरफ गर्मी दूसरी ओर बिजली की घंटों कटौती ने और परेशानी बढ़ा दी। लोग पसीना में तर-बतर होते रहे। गरीब व मध्यम वर्गीय परिवार के लोगों ने हाथ के पंखे झाल गर्मी से राहत पाई। दोपहर करीब सवा तीन बजे एकाएक आंधी आई। आंधी के साथ बूंदाबांदी और फिर बारिश शुरू हो गई। बारिश होने के बाद मौसम में बदलाव आ गया। आंधी और बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि शाम को फिर से मौसम सामान्य होने से लोग गर्मी से परेशान हो उठे।
राहगीरों को प्याऊ का इंतजार
गर्मी से कंठ सूख रहे हैं। सुहाग नगरी का भू-जल स्तर काफी नीचे जा चुका है, जिससे यहां पूर्व में लगे सभी हैंडपंप दम तोड़ चुके हैं। ऐसे में राहगीरों को प्यास बुझाने के लिए पैसे खर्च करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। गर्मी में तमाम सामाजिक संस्थाएं प्याऊ लगवाती हैं, लेकिन अभी तक इस तरफ कोई खास प्रयास नहीं हुए हैं।