पहले मुनादी, फिर साफ होगा शहर से अतिक्रमण
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में शहर अतिक्रमण से साफ होगा। नवागत
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में शहर अतिक्रमण से साफ होगा। नवागत सिटी मजिस्ट्रेट ने शहर में अभियान के रूप में अतिक्रमण हटाने की बात कही है। इस संबंध में वह नगर आयुक्त से मिले और प्रस्तावित इस अभियान पर विचार मंथन किया। पहले मुनादी कराने और उसके बाद अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
शहर में अतिक्रमण की समस्या लाइलाज हो चुकी है। गांधी पार्क चौराहा से सदर बाजार इमामवाड़ा तक पूरे बाजार का बुरा हाल है। दुकानों के अंदर सामान कम, सड़क पर अधिक दिखाई देता है। पूरा फुटपाथ घिरा रहता है। नतीजतन ग्राहकों को अपने वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ते हैं। अतिक्रमण की वजह से आवागमन बाधित रहता है। नगर निगम ने कई बार अभियान चलाए, मगर स्थिति जस की तस बनी हुई है। डीएम विजय किरन आनंद ने शहर को अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सिटी मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का फैसला लिया है। सिटी मजिस्ट्रेट शनिवार को नगर निगम पहुंचे। यहां नगर आयुक्त राम औतार रमन और अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार से वार्ता की। अतिक्रमण हटाए जाने के मामले में विचार मंथन भी किया। नगर आयुक्त ने बताया कई बार अभियान चलाया है, लेकिन कोई नहीं मान रहा है। उन्होंने बताया अभियान सख्ती के साथ चलाया जाए। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने से पूर्व मुनादी कराने को कहा है। पहले दो दिन मुनादी कराई जाए, ताकि अतिक्रमण करने वालों को कहने का मौका न मिले। उन्होंने बताया अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान किसी को नहीं बख्शा जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।