जलभराव पर गुस्साई जनता, हंगामा
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : नगर निगम बनने के बाद भी समस्याएं खत्म नहीं हो रही हैं। शहर के कई मुहल्ल
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : नगर निगम बनने के बाद भी समस्याएं खत्म नहीं हो रही हैं। शहर के कई मुहल्लों में जलभराव की समस्या नासूर बन गई है। तमाम प्रयासों के बाद भी लोगों को जलभराव से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को महादेव नगर (ठारपूठा) के दो दर्जन से अधिक लोग मंगलवार सुबह नगर निगम पहुंचे और हंगामा करने के साथ नारेबाजी की। सुनवाई न होने पर गेट भी बंद कर दिया।
महादेव नगर ठारपूठा के निवासी लंबे समय से जल भराव की समस्या से जूझ रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। लिहाजा मंगलवार को महिला और पुरुष एकत्रित होकर नगर निगम पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने नारेबाजी शुरु कर दी। लोगों का कहना था जलभराव से मुक्ति दिलाने के संबंध में कई बार गुहार लगाई , लेकिन नगर निगम द्वारा सुनवाई नहीं की जा रही है। पूरे क्षेत्र में जलभराव की समस्या है। महिला और बच्चे घरों से भी नहीं निकल पा रहे हैं। गंदा पानी गलियों में भरा होने से राह निकलते में भी गिरने का डर लगा रहता है। बच्चे स्कूल जाते हैं तो उन्हें गली के बाहर छोड़ना पड़ता है।
आलम यह है कि रिश्तेदारों से उनका संपर्क कट सा गया है। जलभराव से क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों में गुस्सा था चुनाव के वक्त बड़े बड़े वायदे करने वाले जनप्रतिनिधि भी क्षेत्र की तरफ देखने नहीं आ रहे। गुस्साए लोगों ने नगर निगम का गेट भी बंद कर दिया। धरना देकर हुंकार भरी। इस पर नगर उपायुक्त के साथ में अन्य कई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत किया।