देवी मंदिर की जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर तनाव
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : थाना रसूलपुर क्षेत्र अंतर्गत निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : थाना रसूलपुर क्षेत्र अंतर्गत निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। घटना की जानकारी होते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शनिवार तक निर्माण कार्य रुकवा दिया।
थाना रसूलपुर क्षेत्र अंतर्गत लालपुर स्थित शीतल नगर में कई वर्ष पुराना ऐतिहासिक प्राचीन मां शीतला देवी मंदिर है। यहां नवरात्रों में होली के बाद मेले का आयोजन होता है। वेशकीमती इस जमीन पर कुछ लोगों की नजर है। शुक्रवार को विशेष समुदाय के लोग मंदिर की जगह पर अवैध निर्माण कार्य प्रारंभ करने लगे। इसकी जानकारी हिन्दूवादी संगठन के लोगों को हुई तो वे मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति पैदा होने लगी। जानकारी होने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को बंद कराते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया। थानाध्यक्ष प्रदीप यादव ने दोनों पक्षों को शनिवार तक शांति बनाए रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार को एसडीएम के सामने जमीन की नापतौल कराई जाएगी। अवैध निर्माण पाने पर कार्रवाई की जाएगी। हिन्दूवादी संगठन के नेताओं ने प्रदेश सरकार पर विशेष समुदाय के लोगों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। विरोध करने वालों में विहिप जिलाध्यक्ष रमाकांत पचौरी, विभाग कार्यवाह रमाकांत उपाध्याय, बजरंग दल विभाग संयोजक वीनेश भाई, बजरंग दल जिला संयोजक अरविंद भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष राम कुमार उपाध्याय, जिला सह संयोजक मोहन शुक्ला, भाजपा के केडी जाटव, बजरंग दल के वरिष्ठ नेता ब्रजेश यादव, सोनू शर्मा, शिवसेना के राजीव शर्मा एवं लालपुर के लोग मौजूद रहे।