खेल को खिलाड़ी की भावना से खेलें: आइजी
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : खिलाड़ी खेल को खेल भावना से खेलें। खेल मनुष्य के स्वास्थ्य व विकास के लि
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : खिलाड़ी खेल को खेल भावना से खेलें। खेल मनुष्य के स्वास्थ्य व विकास के लिए लाभदायक हैं। यह विचार तीन दिवसीय पुलिस एथलेटिक्स प्रतियोगिता के समापन पर आइजी जोन सुनील कुमार गुप्ता ने व्यक्त किए।
आइजी तीन दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह मुख्य अतिथि थे। सायंकाल उनके पुलिस लाइन पहुंचने पर पर उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वह क्रीड़ा स्थल पर पहुंचे और विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण कर प्रतियोगिता का समापन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा खेलों से आपसी मेलजोल बढ़ता है। एक दूसरे के प्रति प्यार की भावना बढ़ती है। इस लिए खेलों को खेल भावना से ही खेलना चाहिए। खेलों में कभी वैमनष्यता नहीं होनी चाहिए। हार और जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं। जीतने वाले को आगे भी जीत जारी रखने के लिए प्रयत्न करते रहना चाहिए। वहीं हारी हुई टीम को अपना उत्साह नहीं खोना चाहिए। आगे कड़ी मेहनत कर आगामी प्रतियोगिता में जीत ने का भरसक प्रयास करना चाहिए। जो व्यक्ति हार से सबक लेते हैं, वह आगे प्रतियोगिता में जीत पाते हैं। समापन समारोह के दौरान डीआइजी श्रीमती लक्ष्मी सिंह, डीएम विजय किरन आनंद, एसपी अजय मोहन शर्मा, एएसपी राकेश कुमार पांडेय, संजय कुमार यादव, संचालन सीओ सदर अजितेंद्र विजय ने किया। इस अवसर पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतिसार निरीक्षक लेखराज सिंह ने बताया टीमों के अंकों को जोड़ कर फीरोजाबाद की महिला और पुरुष दोनों टीमें चैंपियन घोषित की गईं। उन्होंने बताया प्रदेश स्तरीय खेल 29 अक्टूबर को लखनऊ में खेले जाएंगे। इनमें भाग लेने के लिए जोन की टीम लखनऊ जाएगी। आइजी सुनील गुप्ता ने खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर भी श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखने के लिए उत्साहवर्धन किया और बधाई दी।