जलनिकासी से आजिज बाशिंदों ने लगाया जाम
फीरोजाबाद, (शिकोहाबाद) : नगर पालिका प्रशासन द्वारा जल निकासी की व्यवस्था न किए जाने से परेशान यादव कॉलोनी के बाशिंदे बुधवार को आक्रोशित हो गए। क्षेत्रीय लोगों ने सड़क जाम करके अपना विरोध प्रदर्शन कर नगरपालिका प्रशासन का ध्यान जलभराव से होने वाली परेशानी की ओर आकर्षित किया।
नगर क्षेत्र में यादव कॉलोनी है। यहां पानी निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है। मामूली बारिश में जलभराव हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। कई बार क्षेत्रीय लोगों ने समस्या के निदान को नगर पालिका अधिकारियों को शिकायती पत्र दिए, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी को लेकर बुधवार को बाशिंदे एकत्रित हो गए और मार्ग जाम कर दिया। पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। क्षेत्रीय लोगों का कहना है बरसात के मौसम में आधा घंटे की बारिश में सर्वत्र जलभराव हो जाता है। अब यहां की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि यादव कालोनी में दो दिन सफाई न हो तो नालों का पानी सड़क पर भर जाता है। इस कारण वृद्ध, बच्चे, महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते कई लोग चुटैल भी हो चुके है। मोहल्ले के लोगों ने नगरपालिका प्रशासन को चेतावनी दी है जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई तो वे पालिका अधिकारियों का घेराव करेंगे।