अबके बरस तुम जल्दी आना..
फीरोजाबाद (टूंडला): 'गणपति बप्पा मोरया' 'अब के बरस तुम जल्दी आना' कुछ ऐसी ही प्रार्थना के साथ नगर में गणपति विसर्जन किया गया। गणपति विसर्जन से पूर्व नगर क्षेत्र में प्रतिमाओं को बैंड बाजों की मधुर ध्वनि के साथ नगर भ्रमण कराया गया।
सोमवार को समूचा नगर क्षेत्र गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गुंजायमान हो गया। जगह-जगह स्थापित की गई, भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करके बैंड बाजों की मधुर ध्वनि के साथ नगर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालु गणेश प्रतिमा के आगे चल रहे बैंड धार्मिक गीतों पर नृत्य करते श्रद्धालु अबीर, गुलाल उड़ाते चल रहे थे। स्टेशन रोड स्थित सिटी सेंटर पर स्थापित किए भगवान गणेश की प्रतिमाओं को सिटी सेंटर से स्टेशन रोड की ओर भ्रमण कराते हुए वापस सुभाष चौराहा की ओर ले जाया गया। जहां बाद में श्रद्धालुओं द्वारा गणेश प्रतिमाओं को मोहम्मदाबाद स्थित तालाब में विसर्जित किया गया। सोमवार को नगर के विभिन्न क्षेत्र से लगभग एक दर्जन से अधिक प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया।
हल्ला गाड़ी ने मचाया धमाल
भगवान गणेश की प्रतिमाओं को तीन दिन बाद विसर्जन के लिए ले जाने से पूर्व श्रद्धालुओं द्वारा हल्ला गाड़ी के साथ प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया। जहां श्रद्धालुओं द्वारा धार्मिक गीतों पर जमकर धमाल मचाया गया।