सुहागनगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : शुक्रवार को सुहागनगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रमुख मार्ग ही नहीं गली मुहल्लों में भी गणेश शोभायात्राओं की धूम मची रही। माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। जगह-जगह सजाए गए पंडालों में लंबोदर की स्थापना की गई।
शुक्रवार को गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश जी की भक्ति में पूरा शहर डूब गया। सुबह से गणेश उत्सव की धूम हर एक कोने में नजर आई। हर राह पर गणेश शोभायात्राओं की गूंज सुनाई दी। स्टेशन रोड हो या फिर अग्रवाल धर्मशाला, चंद्रवार गेट, पेमेश्वर गेट, जलेसर रोड, सदर बाजार, विभव नगर कॉलोनी व अन्य प्रमुख मार्ग व गली मुहल्ले, हर जगह गणेश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान गुलाल भी उड़ाया और भगवान गणेश जी की पूजा अर्चना भी की गई। शोभायात्रा में शामिल लोग खूब थिरके भी। महिलाएं भी भक्ति में सराबोर दिखाई दीं। इस दौरान नगर निगम ने कार्यक्रम स्थल के आसपास विशेष सफाई कराई।
सोहन मार्केट मित्र मंडल द्वारा गणेश शोभायात्रा शुभारंभ जीके शर्मा द्वारा किया गया। शोभायात्रा रामलीला मैदान होते हुए हनुमान मंदिर, हनुमान रोड, दुली चौराहा, डाकखाना चौराहा होते हुए सोहन मार्केट पहुंची। यहां प्रतिमा की स्थापना पंडित पीयूष आचार्य ने विधि विधान से कराई। सायं आरती के बाद भगवान गणेश का जन्मोत्सव मनाया गया। विशाल मोदक का भाग लगाया और विशाल केक काटा गया। शोभायात्रा में शामिल महिलाओं ने खूब डांस किया। बैंडबाजों के साथ निकाली गई शोभायात्रा में प्रेम अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, सुभाष चंद्र गोयल, शरद चतुर्वेदी, अश्वनी चतुर्वेदी, योगेश पांडे, कृष्णमुरारी, सुधीर लहरी, सुनील बंसल, बब्बल गौतम, दिलीप शर्मा, अरविंद शर्मा आदि मौजूद रहे। पैमेश्वर गेट पर गणेश प्रतिमा स्थापित करने से पूर्व आयोजकों द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। सदर बाजार में गणेश प्रतिमा स्थापना से पूर्व शोभायात्रा निकाली गई। छपैटी में तीन स्थानों पर शोभायात्रा निकाली गई। विभव नगर में गणेश महोत्सव समिति द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मुख्य रूप से उमाशंकर अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रदीप जैन, जगदीश शर्मा, राहुल गर्ग, सुधीर गुप्ता, हरवंश आदि मौजूद रहे। सिद्धि विनायक सेवा समिति हनुमान रोड द्वारा गणेश शोभायात्रा निकाली गई। शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए शोभायात्रा छोटे हनुमान मंदिर पहुंची, जहां प्रतिमा स्थापित की गई। शोभायात्रा का शुभारंभ राकेश झिंदल ने किया। स्वामी रामकृष्ण परमहंस विद्या मंदिर में गणेश जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रधानाचार्य शुक्ला मिड्डा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में राजीव कुमार ने गणेश जी के जीवन की अनेक रोचक घटनाएं सुनाई। इस मौके पर दुष्यंती, संतोष, उपासना, रिचा, रागिनी, आनंद, श्यामसुंदर हरिकिशोर दीक्षित आदि मौजूद रहे।
घरों में स्थापित हुए लंबोदर
करीब छह साल से शहर में गणेश उत्सव मनाने वालों की संख्या काफी बढ़ी है। पहले कुछेक स्थलों पर ही गणेश उत्सव मनाए जाते थे, अब तो हर एक जगह। तमाम जगह सार्वजनिक रूप से गणेश जी की स्थापना कर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं तो अनेक घरों में गणेश जी की स्थापना की गई है।
आज के कार्यक्रम
सोहन मार्केट में सुबह दस बजे संगीतमय अखंड रामायण पाठ का आयोजन बनारस के आचार्य करेंगे। यह जानकारी अमित चतुर्वेदी ने दी है। गणेश चतुर्थी पर सुबह दस बजे से जिला स्तरीय मेहंदी प्रतियोगिता इंडियन करियर संस्थान पर होगी।