25 करोड़ से होंगे नए कार्य, प्रस्ताव तैयार
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : नगर निगम ने शहर की करीब 72 गलियों में कार्य कराए जाने को प्रस्ताव तैयार कराया है। इसके अलावा पानी निकासी की भी कार्य योजना तैयार की है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य होने हैं। नगर निगम ने प्रस्ताव तैयार कर प्रशासक के पास भेजा है। प्रशासक की अनुमति के साथ ही प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
शहर की तमाम गलियां अभी भी कच्ची हैं। नालियां न होने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। यहां की जनता परेशान है। क्षेत्रीय लोगों द्वारा पूर्व में कई बार प्रार्थना पत्र भी नगर निगम अधिकारियों को दिए गए हैं। नगर निगम निर्माण विभाग ने शहर की 72 गलियों में इंटरलॉकिंग व सड़क निर्माण कराया जाना है। इसी तरह पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण भी कराया जाना है। नगर निगम के नगर अभियंता रमाशंकर राम ने शुक्रवार को 72 कार्यो का एस्टीमेट तैयार कर लिया है। इन कार्यो पर करीब 19 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं पानी निकासी पर करीब छह करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इन कार्यो का एस्टीमेट तैयार कर नगर निगम प्रशासक डीएम विजय किरन आनंद के पास भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार इन प्रस्तावों में कुछ फेरबदल भी हो सकता है। प्रस्ताव फाइनल होने के बाद शासन को भेजा जाएगा। शासन से अनुमति और धन जारी होने के साथ ही कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। इस संबंध में नगर अभियंता रमाशंकर राम ने बताया प्रस्ताव तैयार किए गए है। फाइनल होने के बाद शासन को भेजा जाएगा।