50 हजार दिला पंचायत ने दुष्कर्मी को किया बरी
बिंदकी, संवाद सहयोगी : खाप पंचायतों की तरह तुगलकी फरमान का एक मामला तहसील क्षेत्र में चर्चा का विषय
बिंदकी, संवाद सहयोगी : खाप पंचायतों की तरह तुगलकी फरमान का एक मामला तहसील क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बहनोई के घर आई किशोरी के सूने कमरे में घुसकर पड़ोसी युवक ने दुराचार किया। भोर पहर किशोरी ने शोर मचाया तो दोनों पक्षों ने बिरादरी के बड़े लोगों की मौजूदगी में लड़के पक्ष पर 50 हजार का अर्थ दंड सुनाकर मामला रफा दफा कर दिया।
मलवां थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी बहन के यहां बिंदकी तहसील स्थित एक गांव आई थी। शुक्रवार को उसकी बहन ननद के यहां गयी थी। घर में किशोरी अकेली रह गई। रात को किशोरी लघु शंका के लिए निकली और फिर भीतर जाने लगी तो पड़ोसी युवक पीछे से कोठरी में घुस गया। अंदर से कुंडी बंद कर मुंह दबाकर दुराचार किया। भोर पहर तीन बजे युवक घर से बाहर निकला तो किशोरी ने शोर मचा दिया। पड़ोसियों ने किशोरी के गांव में सूचना दी। लड़के व लड़की के परिजन शनिवार को आए और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही लेकिन दोनो परिवारों के बीच बिरादरी की पंचायत बैठ गई। बिरादरी के दो प्रधान व अन्य मुख्य लोगों ने बैठकर पहले तो लड़की के साथ शादी करने का फरमान सुनाया। लड़का पक्ष जब तैयार नहीं हुआ तो पंचायत ने आरोपी युवक को सजा के तौर पर 50 हजार अर्थ दंड देने को कहा। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से मामला समझौते में निपट गया।
हालांकि कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने कहा दुराचार से संबंधित कोई मामला संज्ञान में नहीं आया। आपसी विवाद हो सकता है कि मिल-बैठ कर निपटा लिया हो।