पूंजी होने के बाद भी नहीं मिली धनराशि
फतेहपुर, जागरण संवाददाता : गरीबों के आशियाना के सपने में प्रशासन की शिथिल कार्यप्रणाली आड़े आ रही है।
फतेहपुर, जागरण संवाददाता : गरीबों के आशियाना के सपने में प्रशासन की शिथिल कार्यप्रणाली आड़े आ रही है। चार करोड़ से अधिक की पूंजी महीनों से डंप पड़ी है, खंड विकास अधिकारी चयनित लाभार्थियों के खाते नहीं उपलब्ध करा पा रहे हैं। 6 हजार 668 लाभार्थियों में से अभी तक मात्र 1 हजार 129 के खाते मिल पाए है। सीडीओ ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सभी बीडीओ को नोटिस भेज कर तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए केंद्र से इंदिरा आवास में 6668 लाभार्थियों को आवास देने का लक्ष्य मिला। पहली किस्त में लाभार्थियों के खाते में 35 हजार की धनराशि भेजी जानी थी। वित्तीय वर्ष के सात माह बीत गए और अभी तक ब्लाक से चयनित लाभार्थियों के खाते ही नहीं मिल पाए। खाते में धनराशि न पहुंच पाने से आवासों का निर्माण अधर में फंसा है। लाभार्थी प्रधान व ब्लाक के चक्कर काट रहे है। बताते है कि एक बार चयन की कार्रवाई होने के बाद प्रधान व ब्लाक की मिलीभगत से नाम बदले जा रहे है।
आवास का पैसा डंप होने पर सीडीओ भवानी सिंह ने कार्यभार ग्रहण करते ही नाराजगी जाहिर करते हुए दीपावली तक धनराशि खाते में भेजने के निर्देश दिए थे। बताते है कि इसके बाद भी अभी तक बमुश्किल बीस फीसद धन भेजा जा सका है। आवास का अस्सी फीसद धन डंप पड़ा होने पर सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को चेतावनी नोटिस जारी की है। कहा है कि तीन दिन में खाते न मिले तो प्रतिकूल प्रविष्ट की कार्रवाई की जाएगी।
धनराशि भेजने की स्थिति
ब्लाक - लक्ष्य - खाता
अमौली - 184 - 118
देवमई - 452 - 67
खजुहा - 71 - 45
मलवां - 760 - 28
तेलियानी - 582 - 63
भिटौरा - 471 - 45
हसवां - 679 - 2
बहुआ - 417 - 27
असोथर - 424 - 101
हथगाम - 965 - 274
ऐराया - 243 - 43
विजईपुर - 288 - 33
धाता - 1133 - 283
आवासों पर नजर
कुल स्वीकृत - 6668
धनराशि मिली - 1129
धन नहीं पहुंचा - 5539
सामान्य वर्ग - 761
अल्पसंख्यक - 1033