किसानों को समय से नहीं मिल पाए ट्रांसफार्मर
फतेहपुर, जागरण संवाददाता : गुरुवार को विद्युत भंडार गृह में दिनभर किसानों की भीड़ लगी रही। कई को विद्युत सामान भी दिए गए। जो महीनों से विभाग के चक्कर लगा रहे थे उन्हें राहत मिली।
प्राइवेट नलकूप कनेक्शन में सामान छूट में 2240 किसानों का शुल्क जमा है। ये वर्षो से सामान पाने के लिए विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन इन्हें सामान नहीं मिल पा रहा। गुरुवार को भी आधा सैकड़ा से अधिक किसान सामान लेने के लिए भंडार गृह आए थे। बताते है कि सूखे की स्थिति एवं डीएम के सख्त रूप पर विद्युत कर्मियों ने किसानो को सामान वितरित किए।
शाम 5 बजे तक किसानों को सामान दिए गए। दूर दराज से आए किसान छूट का सामान मिलने से काफी गदगद रहे। किसानों को कहना था कि यदि यही सामान पहले मिल गया होता तो धान की फसलें और भी बचाई जा सकती थी।
मामले पर अधीक्षण अभियंता आरआर सिंह का कहना था कि किसानों को नियमानुसार नलकूप कनेक्शन का सामान देने के आदेश दिए गए है। दावा किया कि जल्द की किसानों को और भी सामान मिलेगा।
सामान की कमी थी
- विद्युत भंडार गृह के प्रभारी सुनील कुमार का कहना था कि जितना सामान मिला था वह किसानों को वितरित कर दिया गया है। कहा जैसे-जैसे सामान आता जा रहा है। पात्रता सूची के आधार पर किसानों को दिया जा रहा है।