बाहर चिलचिलाती धूप तो अंदर उमस ने किया बेहाल
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : सुबह से ही निकली तेज धूप के साथ बढ़ी उमस ने शहरवासियों को खासा परेशान
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : सुबह से ही निकली तेज धूप के साथ बढ़ी उमस ने शहरवासियों को खासा परेशान किया। घरों से आवश्यक काम से निकले लोग पसीना पसीना नजर आए। गर्मी से बचने के लिए लोगों ने जो भी प्रयास किए वह उन्हें निजात नहीं दिला सके। गर्मी के कारण ही दोपहर में शहर की मुख्य सड़कों व बाजारों में कोई विशेष रौनक देखने को नहीं मिली।
रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.8 वहीं न्यूनतम 29.1 रहा। हालांकि तापमान में मामूली ही बढ़ोत्तरी हुई, लेकिन उमस से लोगों को ज्यादा परेशानी हुई। छुट्टी का दिन होने के साथ ही अगले दिन ईद का त्योहार होने के बाद भी लोग घरों से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। शहर की मुख्य बाजारों में कोई खास चहल-पहल देखने नहीं मिली। रविवार का दिन होने से शहर की मुख्य दुकानें भी बंद रही। इस कारण भी शहर में सन्नाटा देखने को मिला। आवश्यक कारणों से घरों से निकले लोग वो चाहे पैदल हो या बाइक सवार सभी का बुरा हाल रहा। गर्मी से बचने के लिए लोगों ने जूस व शिकंजी का सहारा लेकर गले को तर किया। हालांकि शाम को चली हल्की हवाओं से तपन में कुछ राहत मिली, जिससे बाजारों की रौनक लौटी।