घरेलू विवाद में महिला ने लगाई फांसी, मौत
- पुलिस को सूचना दिए बिना किया अंतिम संस्कार नवाबगंज, संवाद सूत्र : घरेलू विवाद के चलते एक महिला
- पुलिस को सूचना दिए बिना किया अंतिम संस्कार
नवाबगंज, संवाद सूत्र : घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव बसंतापुर निवासी महिला का बुधवार शाम उसकी जेठानी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। महिला ने पति को मामले की जानकारी दी। पति के ध्यान न देने से गुस्साई महिला ने रात्रि में कमरे में जाकर साड़ी से फांसी लगा ली। सुबह जागने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो फांसी पर शव लटका देखकर सन्न रह गए। आननफानन में शव को नीचे उतारा गया। घटना की जानकारी महिला के मायके में दी गई। मायके वालों के आने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद बिना पुलिस को सूचना दिए शव का दाह संस्कार कर दिया गया। महिला के तीन बच्चे हैं।
अज्ञात युवक की लोहिया अस्पताल में मौत
फर्रुखाबाद : लोहिया अस्पताल में लगभग एक माह पूर्व भर्ती कराए गए मानसिक रूप से विक्षिप्त 40 वर्षीय अज्ञात युवक की उपचार के दौरान गुरुवार दोपहर मौत हो गई। युवक पिछले माह 21 अप्रैल को सुबह लोहिया अस्पताल गेट के बाहर अर्द्धचेतन अवस्था में पड़ा पाया गया था। सीएमएस डा.बीबी पुष्कर के निर्देश पर अस्पताल कर्मचारियों ने गेट से उठाकर उसे भर्ती कराया था। उपचार के दौरान होश आने के बावजूद उसके मानसिक रूप से अर्द्धविक्षिप्त होने से वह अपने नाम-पते की जानकारी नहीं दे सका था। युवक की मौत होने के बाद ईएमओ डा.अजय कुमार ने शव मोर्चरी में रखवाकर शहर कोतवाली मेमो भेजकर सूचना दी।