सफाई कर्मियों ने चौक पर लगाया जाम
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : बोर्ड की बैठक टलने से संविदा कर्मचारियों की वेतन बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : बोर्ड की बैठक टलने से संविदा कर्मचारियों की वेतन बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव लटकने से नाराज नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को चौक पर धरना देकर पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। धरने से चौक पर जाम लग गया। पालिकाध्यक्ष के एमएलसी पति से वार्ता के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन स्थगित कर दिया।
संविदा सफाई कर्मचारियों को 13380 रुपये वेतन का प्रस्ताव पालिका बोर्ड से पास कर शासन को भेजा जाना है। इसी के बाद प्रदेश शासन वेतन पर निर्णय करेगा। 30 सितंबर को प्रस्तावित पालिका बोर्ड की बैठक टाल दी गई। इससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने दोपहर को चौक पर धरना देकर जाम लगा दिया। सफाई कर्मी हाथों में झाड़ू व फावड़े लिये थे। पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की गई। कुछ देर बाद पालिकाध्यक्ष के एमएलसी पति मनोज अग्रवाल के बुलावे पर कर्मचारी नेता हरिओम वाल्मीकि, नीरज वाल्मीकि के नेतृत्व में सफाई कर्मी उनके निवास पर गये। मनोज अग्रवाल ने कर्मचारियों से कहा कि सभासदों को 4 अक्टूबर की बोर्ड मीटिंग का एजेंडा भेजा गया है। पहले 30 सितंबर की तारीख तय की गई थी, लेकिन नवरात्र व्रत होने से महिला सभासदों के अनुरोध पर बोर्ड बैठक की तारीख बदली गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह बोर्ड की बैठक में पास कराकर वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजेंगे। कर्मचारियों की अन्य समस्यायें भी हल होंगी। इस आश्वासन पर कर्मचारियों ने आंदोलन स्थगित कर दिया।