24 घंटे में छह लोगों को सांप ने डसा
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता : अलग-अलग स्थानों पर पिछले 24 घंटे में 6 लोगों को सांप ने डस लिया। उन्हे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। झाड़फूंक के चक्कर में एक महिला पर विष का प्रभाव हो जाने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जनपद कासगंज थाना राजा का रामपुर के गांव चौकी अतनपुर निवासी सुरेश चंद्र की 45 वर्षीय पत्नी ऊषा देवी को सांप के डसने पर शनिवार रात लोहिया अस्पताल लाया गया। परिजन महिला को काटने वाले सर्प को भी पकड़ कर साथ ले आये। पति सुरेश चंद्र व अन्य परिजनों ने बताया कि ऊषा शुक्रवार रात छत पर लेटी थीं, शनिवार भोर सर्प ने डस लिया। सूचना पर पहुंचे तांत्रिकों व झाड़फूंक करने वालों ने सर्प को पकड़कर डिब्बे में बंद कर लिया। लगभग दस-बारह घंटे तक झाड़फूंक और जड़ी-बूटी से इलाज चलता रहा। हालत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी कायमगंज ले जाया गया, वहां से डाक्टरों ने लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। महिला के शरीर में जहर फैलने से हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव नौसारा निवासी शीशराम का 13 वर्षीय पुत्र अनुज खेत पर बकरियां चराने गया था, वहां सर्प ने डस लिया। इसके अलावा गांव विशाल नगला निवासी बलवीर सिंह के 17 वर्षीय पुत्र पिंटू को बाग में सांप ने डस लिया। शमसाबाद थाने के गांव डुबरी निवासी 27 वर्षीय करू को ट्यूबबेल की काठरी में पाइप उठाते समय सर्प ने दांत गड़ा दिए। शाहजहांपुर थाना मिर्जापुर के गांव लीलापुर निवासी ओमप्रकाश(40) को खेत में घास काटते समय विषधर ने शिकार बनाया। सर्पदंश के शिकार जनपद लखीमपुर खीरी थाना हैदराबाद के गांव बगमरा निवासी शरद कुमार (20) को उसके साथी अंकित कुमार ने लोहिया अस्पताल लाकर भर्ती कराया।