दिनदहाड़े वृद्धा की चेन लूटी
कायमगंज, संवाद सहयोगी : नगर के पटवनगली रोड पर गुरुवार तड़के बाइक सवार बदमाशों ने मंदिर से दर्शन करके लौट रहीं वृद्धा से चेन लूट ली। वारदात के दौरान धक्का लगने से वह जमीन पर गिर कर घायल हो गई। उनके हाथ में चेन का आधा हिस्सा आया, जबकि बाकी का बदमाश लेकर फरार हो गए।
मोहल्ला सधवाड़ा निवासी लौंगश्री गुप्ता (72) पत्नी स्व. रामविलास गुप्ता गुरुवार सुबह एक महिला के साथ पटवनगली स्थित ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय आश्रम में गयीं थीं। सुबह वह सांई मंदिर होकर वापस घर जा रहीं थीं। तभी पीछे से आये बाइकर्स ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन तोड़ ली। इस दौरान लौंगश्री गिर गई। चेन का एक टुकड़ा वहीं गिर गया और बाइकर्स भाग गये। महिलाओं के चीखने चिल्लाने पर वहा भीड़ लग गयी। एक राहगीर ने चेन का टूटा टुकड़ा ढूढकर लौंगश्री को दे दिया। सूचना पर नगर चौकी प्रभारी वीपी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक लौंगश्री घर पहुच चुकी थीं। उनके घर जाकर पुलिस ने उनसे घटना व बदमाशों के बाबत जानकारी ली। रामेंद्र गुप्ता पुत्र स्व. रामविलास गुप्ता ने घटना की लिखित सूचना कोतवाली में दी। उन्होने बताया कि चेन का करीब दो तिहाई हिस्सा बदमाश ले गये। एक तिहाई टुकड़ा वहा पड़ा मिल गया है। चौकी प्रभारी ने कहा कि मामले की जाच कर कार्रवाई की जायेगी।