महसूस होने लगी गर्मी, बढ़ेगा पारा
फैजाबाद : मौसम के मिजाज में तेजी से परिवर्तन आने लगा है। सोमवार को तापमान में इजाफे के साथ-साथ वाताव
फैजाबाद : मौसम के मिजाज में तेजी से परिवर्तन आने लगा है। सोमवार को तापमान में इजाफे के साथ-साथ वातावरण में हल्की गर्मी भी महसूस की गई। माना जा रहा है कि अगले एक-दो रोज तक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा। सुबह व शाम को हल्की धुंध छा सकती है, लेकिन इसका मौसम पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। बदली होने या बारिश की संभावना नहीं है।
गौरतलब है कि गत दो-तीन रोज से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को सुबह से आसमान साफ रहा और दिन में लोगों को पंखे भी चलाने पड़े। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बीच-बीच में पूर्वा हवाएं चल जा रही हैं। इसी वजह से सुबह व शाम को हल्की धुंध हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में कमी नहीं आएगी और न ही ठंड लौटने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा समय में पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी भी रुक चुकी है। इसलिए ठंड धीरे-धीरे समाप्ति की ओर है। दिन ब दिन तापमान में बढ़ोतरी ही होगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। इसी वजह से दिन में गर्मी महसूस की गई। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 95 व न्यूनतम 46 फीसदी रही।