कारागार में बैरकों की निगरानी बढ़ाने का निर्देश
फैजाबाद : सलाखों के पीछे से चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए जेल में भी
फैजाबाद : सलाखों के पीछे से चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए जेल में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। जेल में बंद लोग अक्सर सलाखों के पीछे से चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की साजिश रचते हैं। इसलिए कारागार में भी निगरानी बढ़ाने का निर्देश डीएम विवेक और एसएसपी अनंतदेव ने दिया है। शनिवार को डीएम और एसएसपी मंडल कारागार का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने बैरकों के साथ-साथ हर बंदी पर बारीक नजर रखने का निर्देश भी जेल प्रशासन को दिया है।
डीएम और एसएसपी दोपहर में फोर्स के साथ अचानक मंडल कारागार पहुंचे। महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान कैंची बरामद हुई। जेल अधिकारियों की ओर से अवगत कराया गया कि महिला बंदी सिलाई का प्रशिक्षण लेती हैं। इस वजह से कैंची का उपयोग होता है। अधिकारियों ने प्रशिक्षण निगरानी में कराने के लिए कहा। इसके पश्चात अधिकारियों ने पुरुष बैरकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने बंदियों से मुलाकात भी की और उन्हें सचेत भी किया। जेल प्रशासन को भी सतर्क रहने की हिदायत दी। बैरकों की औचक तलाशी कराने का निर्देश दिया। ऐसे बंदियों के बारे में भी जानकारी मांगी, जिनकी पृष्ठभूमि राजनीति से जुड़ी है। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने पत्रकारों से बताया कि प्रशासनिक स्तर पर जेल में सब ठीक मिला है। मरम्मत संबंधी कुछ कार्य हैं, जिन्हें जल्द पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया है।
कारागार में भी दिखा मतदाता जागरूकता अभियान
फैजाबाद : बंदियों से मिलने के लिए कारागर पहुंचने वाले मुलाकातियों को भी मतदाता जागरूकता की मुहिम चल रही है। हस्ताक्षर अभियान के तहत जेल में भी बोर्ड लगाया गया है। इस बोर्ड पर मुलाकातियों से हस्ताक्षर करवाया जा रहा है। जेल अधीक्षक आरके मिश्र ने बताया कि मतदाता जागरूकता मुहिम के तहत अभियान जेल भी चलाया जा रहा है। मुलाकातियों को मतदान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।