बिना अनुमति के नहीं बजेगा डीजे
फैजाबाद : कावड़ियों के जत्थे में बिना अनुमति के डीजे बजाए जाने पर पाबंदी होगी। जत्थे में फूहड़ गाने क
फैजाबाद : कावड़ियों के जत्थे में बिना अनुमति के डीजे बजाए जाने पर पाबंदी होगी। जत्थे में फूहड़ गाने कताई नहीं बजाएंगे। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह बात अपर पुलिस अधीक्षक नगर आरएस गौतम ने कही। वे थाना कैंट में डीजे संचालकों एवं कवाड़िया जत्था ले जाने वाले संगठन से जुड़े लोगों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। एसपी सिटी ने कहा कि धारा 144 लागू है, इसलिए जत्थे में हथियार लेकर चलना सख्त मना है। कावड़िए अपने निर्धारित मार्ग से ही अयोध्या पहुंचेंगे। श्रद्धा के इस पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाएं। किसी पर संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दे।
सावन में भगवान शिव के दर्शन को अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कावड़ियों के आवागमन के लिए अगल से रूट निर्धारित किया गया है। अंबेडकरनगर, रायबरेली व इलाहाबाद मार्ग की ओर से आने वाले कावड़िए बाइपास मार्ग से होते हुए अयोध्या पहुंचेंगे। इसी प्रकार शहर में चार प्रमुख स्थानों नाका, नाका हनुमानगढ़ी, लालबाग व हैदरगंज के जत्थे सिविल लाइंस स्थित पुष्पराज चौराहे पर एकत्र होकर छावनी क्षेत्र से होते हुए नियावां, गुदड़ी बाजार के रास्ते अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान सुरक्षा निगरानी के कड़े उपाय होंगे। मार्ग पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है। सड़क के किनारे ऐसे पंडाल लगाने पर पाबंदी लगा दी गई है, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो। कैंट की बैठक से पहले एसपी सिटी गौतम व एएसपी यमुना प्रसाद ने कोतवाली नगर में भी डीजे संचालक व कावड़ियों के साथ बैठक की।