भर्ती के लिए दस हजार से ज्यादा नौजवानों ने लड़ाई जान
फैजाबाद : सेना भर्ती के तीसरे दिन बस्ती से आए 10033 युवकों ने जान लड़ा दी। दौड़ में करीब 800 ही सफल रहे। इनके चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संतकबीरनगर व बस्ती से आए करीब 18 हजार से अधिक युवकों ने अपनी किस्मत आजमाई है। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों दी देखरेख में शनिवार को चयन में असफल रहे अभ्यर्थियों की गतंव्य को सकुशल वापसी करा दी गई। चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों के परीक्षण व मेडिकल परीक्षण व साक्षात्कार की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
भर्ती के लिए आने वाली भीड़ के मद्देनजर सिविल लाइंस, मुख्य डाकघर तिराहा, नियावां चौराहा, सहादतगंज हनुमानगढ़ी, रेलवे व बस स्टेशन पर कड़ी पुलिस व्यवस्था की गई है। अभी तक ज्यादा भीड़ रेल मार्ग से ही यहां आई है। रविवार को अम्बेडकरनगर जिले की भर्ती होने के कारण यह भीड़ बढ़ सकती है। हजारों की संख्या में युवकों ने आसपास के क्षेत्रों के पार्क, सड़कों, पटरियों या दुकानों के बरामदों में डेरा डाल रखा है। गंदगी व मच्छरों की यहां हुकूमत सी है।
उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड सेना भर्ती चयन बोर्ड के डिप्टी डाइरेक्टर जनरल ब्रिगेडियर एमडी चाको तीन दिन से लगातार मीरनघाट स्थित भर्ती ग्राउण्ड पर कैंप कर हर पहलू का जायजा ले रहे हैं।
भर्ती में गड़बड़ी को लेकर कोई गंभीर बात अभी सामने नहीं आई है। माप या अभिलेख को लेकर कुछ शिकायतें जरूर हुई, जिनका निराकरण कराया गया। कुछ मामलों में दोबारा नाप जोख भी कराई गई। सेना भर्ती में मेडिकल में फिट पाए जाने पर चयनित अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा आगामी 26 अक्टूबर को फैजाबाद के आर्मी स्कूल में होगी। परीक्षण के दौरान टैटूधारक कुछ अभ्यर्थियों को बाहर कर दिया गया।