स्कूल से घर वापस आते समय छात्रा का अपहरण
संसू, मसौधा (फैजाबाद) : पूराकलंदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को स्कूल से घर वापस आते समय एक छात्रा का अपहरण कर लिया गया। छात्रा की मां ने गांव के ही तीन युवकों के विरुद्ध नामजद तहरीर थाने में दी है। थानाध्यक्ष पूराकलंदर ने बताया कि युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छात्रा की खोजबीन शुरू कर दी गई है। मामला ग्राम पंचायत मैनुद्दीनपुर मजरे नजीरपुर का है।
गांव निवासिनी छात्रा ऋषिकुल इंटर कालेज में कक्षा 11 की छात्रा है। उसकी मां का आरोप है कि गांव के विकास पुत्र रामफेर, राजू पुत्र परशुराम व राजेश सिंह निवासी माधवपुर डिहवा ने छुट्टी होने पर बोलेरो में बैठाकर उनकी बेटी का अपहरण कर लिया। लखनऊ में कहीं अज्ञात तीन मंजिला मकान में रखे हैं उस स्थान पर उसके अलावा 12 लड़कियां और मौजूद हैं। यह जानकारी अपहत छात्रा ने मौका पाकर अपने परिजनों व थानाध्यक्ष पूराकलंदर जनार्दन दुबे को दी है। थानाध्यक्ष ने छात्रा से हुई वार्ता की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि लड़की ने लखनऊ में होने की बात बता रही है पर सही पता न होने के कारण छानबीन करने में कठिनाई हो रही है।
परिवारीजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस लखनऊ जाने के लिए प्राइवेट वाहन की मांग कर रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति सही न होने से वाहन का इंतजाम करने में अक्षम हैं। सीओ अयोध्या सीपी सिंह से वाहन की व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर बताया कि वाहन की व्यवस्था करना पुलिस का कार्य है। लड़की का लोकेशन बदल-बदल कर आ रहा है। इससे खोजने में दिक्कतें आ रही हैं।