उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन ने पकड़ी रफ्तार
फैजाबाद : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षाओं की कापियों का मूल्यांकन शुक्रवार से पटरी पर लौट आया। चुनाव ड्यूटी प्रशिक्षण के बाद कापियां जांचने की रफ्तार ने गति पकड़ी है। माना जा रहा है कि एक-दो दिनों में उत्तरपुस्तिकाओं को जांचने के काम में और तेजी आएगी। तीनों केंद्रों पर कुल मिलाकर पचास हजार से ज्यादा कापियां जांची गईं।
गौरतलब है कि बोर्ड परीक्षा की कापियों के मूल्यांकन में लगाए गए शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी भी करनी है। इसके लिए परीक्षकों का प्रशिक्षण भी हुआ। बीती 15, 16 व 17 अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी का प्रशिक्षण दिया गया। इससे मूल्यांकन कार्य खासा प्रभावित हुआ था। 15 अप्रैल को तो मनोहर लाल इंटर कॉलेज पर कापियों का मूल्यांकन करीब तीन घंटे विलंब से शुरू हो सका था। शेष दिवसों में भी उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की रफ्तार धीमी रही। मनोहर लाल इंटर कॉलेज के साथ-साथ फार्ब्स व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पर भी यही स्थिति बनी रही। शुक्रवार को प्रशिक्षण समाप्त होने के उपरांत मूल्यांकन कार्य में तेजी आई है। शुक्रवार को मनोहर लाल इंटर कॉलेज में 35 हजार, फार्ब्स इंटर कॉलेज में दस हजार व जीजीआइसी में 13 हजार कापियां जांची गई।
कापियों से निकल रहे नोट
बोर्ड परीक्षा की कापियों से नोटों के निकलने का भी सिलसिला शुरू हो गया है। इस बार मनोहर लाल इंटर कॉलेज में जांची जा रही इंटर की भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान की उत्तर पुस्तिकाओं से नोट निकले हैं। सूत्रों के मुताबिक इन विषयों की कई कापियों से नोट निकले। इसके अलावा कुछ अन्य विषयों की कापियों से भी नोट निकलने का मामला प्रकाश में आया है, लेकिन ज्यादातर नोट भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान की कापियों से निकले। वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जांची जा रही हाईस्कूल की विज्ञान विषय की कापियों से भी नोट निकले हैं।