वृक्षों के महत्व को समझना होगा
जागरण संवाददाता इटावा : पेड़ हमें मुफ्त में जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं और जानलेवा कार्बनडाई आक्साइड
जागरण संवाददाता इटावा : पेड़ हमें मुफ्त में जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं और जानलेवा कार्बनडाई आक्साइड को अवशोषित करते हैं। वृक्षों के महत्व को हमें समझना होगा और इसके महत्व को लेकर प्रचार-प्रसार करना होगा। पौधे लगाने की मुहिम चलानी होगी। सालगिरह जैसे पुण्य अवसरों पर पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए।
-खेम बहादुर
इस समय पर्यावरण सुरक्षित रखना आम आदमी के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। कारण विकास की अंधी आंधी हरियाली को उजाड़ने में जुटी हुई है। आज का युवा पर्यावरण प्रदूषण के दूरगामी परिणामों को समझ नहीं रहा है। हमें इसके लिए जनजागरण अभियान चलाना होगा तथा पर्यावरण प्रदूषण के दुष्परिणामों से सावधान करना होगा।
- संजय तिवारी
पर्यावरण प्रदूषण से बचने के लिए हम सभी को अपने-अपने घरों पर दो-दो पौधे लगाने चाहिए। मोहल्ले में पड़ी खाली जमीन पर पेड़ लगाकर उसे हरा भरा बनाना चाहिए। अभियान की सफलता तो तब है जब लोग पुत्र जन्म की खुशी में पौध लगा कर हरित क्रांति का आगाज करना शुरू करें और उपहार में भी पौधे भेंट करें।
- कमलेश यादव
पेड़ हमारे जीवन का अभिन्न अंग बन गए हैं। पेड़ों से ही जीवन का आधार जुड़ा हुआ है। अगर जंगल नहीं रहेंगे तो मनुष्य का जीना दुरुह हो जाएगा। इस समय पड़ रही भीषण गर्मी व उमस, बरसात के लिए तरसना पेड़ों की कमी के ही परिणाम हैं। मानव जीवन की रक्षा के लिए पौध लगाना किसी महायज्ञ से कम नहीं है।
- डा. आशुतोष त्रिपाठी