मौर्य के कदम से बसपा में भगदड़ सपा में पारिवारिक कलह बढ़ना तय
भरथना, संवाद सहयोगी: केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने गुरुवार को कहा क
भरथना, संवाद सहयोगी: केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने गुरुवार को कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने से बसपा में भगदड़ मचेगी। वहीं सपा में शामिल होने पर सैफई परिवार का कलह और अधिक बढ जायेगा। बसपा में मौर्य दूसरे नंबर के कद्दावर नेता थे। सपा में सिर्फ सैफई ब्रांड नेता ही स्वीकार हैं।
वे अपने पैतृक गांव नगरिया सरावा में बसपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा पार्टी से इस्तीफा देने पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मौर्य विगत हुए विधान सभा के आम चुनावों में ही बसपा छोड़ना चाहते थे, लेकिन बसपा सुप्रीमों के मनाने और मौर्य की डिमांड पूरी करने पर उन्हें पार्टी में रोक लिया गया था। उन्होंने बताया कि सपा में मौर्य के शामिल होने के बाद समाजवादी पार्टी का पारिवारिक कलह कुछ ही दिनों में और अधिक बढ़कर सड़कों पर आ जायेगा जो जग हंसाई के अलावा और कुछ नहीं होगा। मौर्य को बसपा से ज्यादा बड़ा सम्मान सपा नहीं दे सकती। सपा में सैफई ब्रांड नेताओं के अलावा किसी का कहीं कोई सम्मान नहीं है।
उन्होंने कहा कि मौर्य के पार्टी छोड़ने से बसपा सुप्रीमो मायावती की मुश्किलें दिनोंदिन बढ़ना लाजमी हैं। बहुत जल्द ढाई दर्जन से अधिक बसपा विधायक पार्टी छोड़ने का मन बना चुके हैं। इनके पार्टी छोड़ते ही बसपा में भूचाल आने जैसी स्थिति बन जायेगी। सपा-बसपा दोनों ही पार्टियों की स्थितियों से प्रदेश की जनता पूरी तरह वाकिफ हो चुकी है और अब प्रदेश की जनता इंतजार में है कि प्रदेश के विधान सभा आम चुनाव में भाजपा को प्रदेश की कमान सौंपी जाये। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा हरहाल में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर प्रदेश की जनता को सुख शांति प्रदान करेगी।