बादल छाए, बढ़ी उमस, जनजीवन बेहाल
इटावा, जागरण संवाददाता : गुरुवार को सुबह घने बादल छाने तथा हवा की गति कम होने से वातावरण में उमस हो
इटावा, जागरण संवाददाता : गुरुवार को सुबह घने बादल छाने तथा हवा की गति कम होने से वातावरण में उमस हो गई, इससे सुबह के तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई पारा सुबह न्यूनतम 24 तो दोपहर में अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर से शाम के मध्य सूर्यदेव की तपिश तेज होने जनजीवन बेहाल रहा। मौसम की मार सभी बुरी तरह आहत है। बीते कई दिनों से थोड़े-थोड़े अंतराल में मौसम परिवर्तन होने से चारों ओर मच्छरों की भरमार हो गई है, इससे मौसमी रोग तेजी से फैल रहे हैं। अस्पतालों में रोगियों की भीड़ कम नहीं हो रही है। विपरीत मौसम में किसान तेज धूप की परवाह किए बगैर सपरिवार फसल कटाई में जुटे हुए हैं।
मौसम में जिस तेजी से परिवर्तन हो रहा है उससे जनजीवन बुरी आहत है, सुबह घने बादल छाने से सूर्यदेव की तपिश भले ही कम थी लेकिन तापमान में बढ़ोत्तरी हुई। हवा की रफ्तार इस कदर थम गई लोग उमस से व्याकुल होने लगे। यह हाल तो सुबह पांच से पूर्वाह्न 11 बजे के मध्य रहा। दोपहर होते ही बादल हल्के पड़ गए धूप बहुत तेज हो गई, इससे लोगों का आवागमन करना दुश्वार हो गया। दोपहर से शाम के मध्य सड़कों पर सन्नाटा सा ही पसरा रहा। भीषण गर्मी होने से दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी होने पर बच्चों का तो बुरा हाल था, साथ ही अभिभावक व शिक्षक तथा शिक्षिकाएं मौसम की मार से त्रस्त थे। सारा बदन कपड़ों से ढके होने के बावजूद उमस और तपिश से लोगों का बुरा हाल था। इस दौरान आवागमन करना किसी मुसीबत से कम नहीं है, विवशता के तहत आवागमन करने वाले बाइक सवारों की हालत काफी खराब होती है। दोपहर होते ही सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल समाप्त हो जाती है। गर्मी में निरंतर बढ़ोत्तरी होने से बाजारों में शीतल पदार्थों तथा कूलर-पंखों के बाजार में रौनक आ गई है।