शहर की खराब सड़कें जिलाधिकारी देखेंगे : अखिलेश
इटावा, जागरण संवाददाता : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि शहर की सड़कें अगर खराब हालत में हैं तो जिल
इटावा, जागरण संवाददाता : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि शहर की सड़कें अगर खराब हालत में हैं तो जिलाधिकारी इन्हें देखेंगे। वे लॉयन सफारी में शहर की खराब सड़कों के बारे में सवाल पूछे जाने पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने शहर की सड़कों के लिये धन रिलीज कर दिया है। जिलाधिकारी इसको देखेंगे। उन्होंने कहा कि जनपद में तमाम बड़े कार्य किये जा रहे हैं। इनमें इटावा-मैनपुरी फोरलेन मार्ग शामिल है। लॉयन सफारी से इटावा की विश्व में पहचान बनेगी। इसके अलावा पर्यटन की दृष्टि से अन्य क्षेत्रों को भी विकसित किया जायेगा। लॉयन सफारी में घायल विष्णु व लक्ष्मी के बारे में सवाल पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि इस बारे में वन विभाग के अफसर ही ज्यादा बता सकते हैं।
कमिश्नरी की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री ने इटावा को कमिश्नरी बनाये जाने की चर्चाओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि इटावा में कई बड़े कार्य चल रहे हैं। ऐसे में कमिश्नरी बनाये जाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने विकास प्राधिकरण व नगर निगम की संभावनाओं को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि जो कार्य चल रहे हैं पहले उन्हें ही पूरा कर लिया जाये। शहर में हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम सहित कई बड़े कार्य तेजी से चल रहे हैं।
काफी देर में आया गीगो
मुख्यमंत्री के लिये वन विभाग के अफसरों ने खासतौर पर शेर के जोड़े गीगो व गिरिज्मा को बाड़े में छोड़ा गया था। मुख्यमंत्री जब इनका दीदार करने पहुंचे तो गीगो काफी दूर था। मुख्यमंत्री को साफ तौर पर वह दिखायी नहीं दे रहा था। वन विभाग के जू कीपर ने गीगो को आवाज लगायी परंतु वह पास नहीं आया। जब गीगो को जोर से इशारे किये गये तब वह पास आया और मुख्यमंत्री को देखकर दहाड़ा। मुख्यमंत्री ने जू कीपर को पास बुलाकर हालचाल भी पूछा। इस अवसर पर सपा नेता रिजवान कुरैशी, हाजी आजम, हाजी निजाम कुरैशी व मो. मंसूर ने मुख्यमंत्री को मुकुट पहनाकर सम्मानित भी किया। सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव, विधायक दिबियापुर प्रदीप यादव मुख्यमंत्री के साथ आये थे। इस अवसर पर वन विभाग के प्रमुख वन संरक्षक रूपकडे, निदेशक लॉयन सफारी केके सिंह, चंबल डीएफओ डा. अनिल पटेल आदि थे।
मुख्यमंत्री आगरा जनपद के बाह तहसील से दोपहर तीन बजे पुलिस लाइन के हैलीपैड स्थल पर उतरे। दोपहर साढ़े तीन बजे लॉयन सफारी के ब्रीडिंग सेंटर पर पहुंचे। इससे पहले उन्होंने सफारी के पिकनिक स्पॉट पर अधिकारियों के साथ थोड़ी देर रुककर विचार विमर्श किया। आईजी जोन आशुतोष पांडेय, डीआईजी नीलाब्जा चौधरी, डीएम नितिन बंसल, एसएसपी डा. राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ईश्वर चंद्र व सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा उपस्थित थे।